भोपालमध्य प्रदेश

कोतवाली थाने के पास ट्रांसफार्मर में भीषण आग, मची अफरा-तफरी

कोतवाली थाने के पास ट्रांसफार्मर में भीषण आग, मची अफरा-तफरी

राजधानी के व्यस्ततम इलाके में दमकल की मुस्तैदी से टला बड़ा संकट

भोपाल, यशभार। राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब थाना परिसर की बाउंड्री से सटे एक बिजली के ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। भीड़भाड़ वाला इलाका होने के कारण देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और यातायात बाधित हो गया।
शॉर्ट सर्किट बनी वजह!
मौके पर मौजूद लोगो के अनुसार, दोपहर के समय ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारियां उठने लगीं और कुछ ही सेकंड में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ट्रांसफार्मर से उठती आग की लपटों और काले धुएं को देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक लोड या शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और इलाके की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुँची। बिजली विभाग द्वारा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करने के बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया गया था। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली कटवा दी गई थी ताकि कोई जनहानि न हो। स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button