
इंदौर यशभारत। इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित बिजलपुर इलाके में देर रात नकाबपोश बदमाशों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के घर पर धावा बोला. चोर करीब ढाई घंटे तक इलाके में सक्रिय रहे. उन्होंने जीतू पटवारी के घर के अलावा नगर पंचायत अधिकारी, बिजली कंपनी इंजीनियर और एक कारोबारी के घर को भी निशाना बनाया।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के घर में घुसे.चार से पांच अज्ञात बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया है. फिलहाल पुलिस द्वारा सीसीटीवी के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है.चोरो ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही उनके घर के पास मौजूद दो और घरों को निशाना बनाया. घटना को अंजाम देने आए आरोपी सीसीटीवी में कैद हुए। परिसर में बने पटवारी के कार्यालय में उन्होंने घुसकर दराज और लाकर खंगाले. हालांकि, उन्हें कोई कीमती सामान हाथ नहीं लगा।
सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश कैद
जीतू पटवारी के पीए अमित शर्मा के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में पांच बदमाश दिखाई दे रहे हैं. उनके हाथों में टामी और औजार थे. पुलिस का कहना है कि वारदात बाग-टांडा गिरोह की हो सकती है. मौके पर फोरेंसिक टीम और खोजी कुत्ते भी जांच के लिए बुलाए गए.तेजाजी नगर के टीआई देवेंद्र मरकाम ने कहा कि यह गिरोह पहले भी इस क्षेत्र में सक्रिय था और इसके कई सदस्य पहले गिरफ्तार हो चुके हैं. पुलिस के मुताबिक, वर्तमान में ये सदस्य हाल ही में जमानत पर रिहा हुए और फिर से सक्रिय हो गए हैं.







