प्रबंधक संचालक ने सुभाष नगर से रानी कमलापति मेट्रो स्टेशन का किया निरीक्षण

प्रबंधक संचालक ने सुभाष नगर से रानी कमलापति मेट्रो स्टेशन का किया निरीक्षण
– तैयारियों का जायजा लेकर दिए काम पूरा करने के दिए निर्देश
भोपाल यशभारत। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक एस कृष्ण चैतन्य, आईएएस ने सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से रानी कमलापति मेट्रो स्टेशन तक विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य की गति तेज करने के निर्देश उन्होंने दिए हैं। इस दौरान निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। प्रबंधक संचालक ने प्रत्येक स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं, स्टेशन की सौंदर्यात्मकता और संचालनात्मक समन्वय की स्थिति का मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान प्रबंध संचालक ने विशेष रूप से यात्री सुरक्षा एवं मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध खाली स्थलों के सर्वोत्तम उपयोग के लिए योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए ताकि इन क्षेत्रों का उपयोग यात्री सुविधाओं, हरियाली, व्यावसायिक अवसरों और जनसुविधाओं के रूप में किया जा सके।
चैतन्य ने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक स्टेशन पर महत्वपूर्ण सिविल, सिस्टम कार्य जैसे लिफ्ट-एस्कलेटर टेस्टिंग, टिकटिंग एरिया, फायर सेफ्टी, लाइटिंग और साइनज, फिनिशिंग आदि कार्यों को प्राथमिकता से किए जाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों, कॉन्ट्रैक्टर्स एवं सिस्टम इंटीग्रेशन टीमों को समन्वयपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए ताकि मेट्रो संचालन की दिशा में कोई तकनीकी बाधा न रहे। निरीक्षण के दौरान एमपीएमआरसीएल के वरिष्ठ अधिकारीगण, संबंधित कॉन्ट्रैक्टर्स, और जनरल कंसल्टेंट के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







