जबलपुरमध्य प्रदेश

घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई: 46 सिलेंडर जब्त, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम का छापा

जबलपुर। शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आधारताल थाना क्षेत्र में छापा मारकर एक व्यक्ति के कब्जे से भारी मात्रा में गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और गैस सिलेंडरों के अवैध कारोबार पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जगदम्बा कॉलोनी में मारा गया छापा

प्राप्त जानकारी के अनुसार आधारताल थाना क्षेत्र के महाराजपुर स्थित जगदम्बा कॉलोनी में रहने वाले प्रदीप साहू (55) पिता रूपलाल साहू के यहां घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किए जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमार कार्रवाई की।

05 9

मौके से 46 गैस सिलेंडर बरामद

कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी के कब्जे से कुल 46 गैस सिलेंडर जब्त किए। इनमें 8 भरे हुए घरेलू सिलेंडर, 32 खाली घरेलू सिलेंडर, 4 कमर्शियल सिलेंडर और 2 छोटे सिलेंडर शामिल हैं। जब्त किए गए सिलेंडर भारत गैस और इंडेन कंपनी के बताए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में सिलेंडर मिलने से आशंका जताई जा रही है कि इन्हें अवैध रूप से जमा कर कालाबाजारी की जा रही थी।

06 6

कालाबाजारी की आशंका, जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घरेलू उपयोग के लिए मिलने वाले गैस सिलेंडरों को बड़ी मात्रा में जमा कर अवैध रूप से अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी की जा रही थी। प्रशासन ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद संबंधित के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन, खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार नीलू बागड़ी के नेतृत्व में राजस्व और खाद्य विभाग की टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में पटवारी मनोज बघेल, संतोष ठाकुर, आरआई लटोरी सिंह, सुरभि जैन तथा खाद्य विभाग से सहायक खाद्य अधिकारी राजधर साकेत शामिल रहे। वहीं पुलिस विभाग की ओर से एएसआई संतोष पांडे और आरक्षक जयप्रकाश तिवारी ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई में सहयोग किया।

अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर सख्ती

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा, ताकि आम उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी न हो और अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button