कफ सिरप कांड में 20 बच्चों की मौत के बाद बड़ा एक्शन,तमिलनाडु से कंपनी मालिक रंगनाथन को किया गिरफ्तार
अदालत में पेशी के बाद छिंदवाड़ा लाएगी पुलिस

छिंदवाड़ा,यशभारत। मध्य प्रदेश में जानलेवा ‘कोल्ड्रिफ’कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्रीसन मेडिकल्स के मालिक एस रंगनाथन को गिरफ्तार किया है। इससे पहले छिंदवाड़ा पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु के चेन्नई की श्री सन फार्मास्यूटिकल कंपनी के मालिक रंगनाथन पर 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी। अब पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया है।
छिंदवाड़ा के एसपी अजय पांडे ने बताया कि श्रीसन फार्मा के मालिक एस रंगनाथन को कल रात गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें चेन्नई (तमिलनाडु) की एक अदालत में पेश किया जाएगा और ट्रांजिट रिमांड हासिल करने के बाद छिंदवाड़ा (मध्य प्रदेश) लाया जाएगा।
बता दें कि जानलेवा ‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप पीने से मध्य प्रदेश में अब तक 20 बच्चे अपनी जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़ा अभी भी लगातार बढ़ रहा है। बीते 24 घंटों में तीन और मासूमों ने दम तोड़ दिया। अब गिरफ्तारी के बाद एस रंगनाथन से इस पूरे मामले में पूछताछ की जा रही है।
कफ सिरप से जुड़ा मौत का मामला सबसे पहले मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा और बैतूल जिलों में सामने आया, जहां पिछले दो सप्ताह में कई बच्चों की मौत हुई. इसके बाद राजस्थान के कुछ इलाकों में भी इसी सिरप से जुड़ी घटनाएं दर्ज की गईं. छिंदवाड़ा प्रशासन के अनुसार, कोल्ड्रिफ सिरप पीने के बाद बच्चों को उल्टी, पेशाब में दिक्कत और तेज बुखार जैसे लक्षण दिखाई दिए. डॉक्टरों ने जांच में पाया कि बच्चों की किडनी ने काम करना बंद कर दिया था. सभी मृतक बच्चे दो से 5 वर्ष की उम्र के थे. कई को नागपुर और भोपाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां परीक्षण में उनके शरीर में डायथिलीन ग्लाइकॉल का असर पाया गया.जहरीले कफ सिरप की वजह से बच्चों की मौत का सिलसिला अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। पांच बच्चे अब भी नागपुर में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। कोल्ड्रिफ बनाने वाली कंपनी के ऑनर को पकड़ने के लिए दो टीम चेन्नई और काछीपुरम पहुंच गई थीं।







