मध्य प्रदेश 70वां स्थापना दिवस: ई-सेवा पोर्टल लॉन्च

मध्य प्रदेश 70वां स्थापना दिवस: ई-सेवा पोर्टल लॉन्च
ओंकारेश्वर अभयारण्य घोषित और जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति!
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश ने शनिवार को राजधानी के लाल परेड ग्राउंड पर 70वां स्थापना दिवस समारोह “अभ्युदय मध्यप्रदेश” के रूप में भव्यता के साथ शुरू किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर राज्य के विकास और डिजिटलीकरण को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और पहलें कीं।

डिजिटल युग में नई उड़ान: ई-सेवा पोर्टल और विजन 2047
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के नागरिकों को बड़ी डिजिटल सौगात देते हुए एमपी ई-सेवा पोर्टल और ई-सेवा नागरिक एप का शुभारंभ किया। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने इसे देश की ऐसी पहली सेवा बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रदेश सरकार की 1700 से अधिक सेवाएं नागरिकों को ऑनलाइन उपलब्ध होंगी, जिसकी शुरुआत 500 सेवाओं के साथ की जा रही है।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने “विकसित मध्य प्रदेश 2047 दृष्टि पत्र” (विजन डॉक्यूमेंट 2047) का विमोचन किया। इस विजन में 2047 तक राज्य के औद्योगिक GVA को ₹60 लाख करोड़ तक पहुंचाने और 1 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। यह विजन डॉक्यूमेंट “विकसित भारत @2047” के अनुरूप है।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा: ओंकारेश्वर अभयारण्य और असम से गैंडे
पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खंडवा और देवास जिले के वन क्षेत्र को मिलाकर 611 वर्ग किलोमीटर में ओंकारेश्वर वन्यप्राणी अभयारण्य को मंजूरी देने की घोषणा की।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश की वन्यजीव संपदा को समृद्ध करने के लिए जल्दी ही असम से जंगली भैंसा और गेंडे मध्य प्रदेश लाए जाएंगे।


पर्यटन को मिला ‘पंख’: पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा
राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत की गई। यह सेवा राज्य के प्रमुख धार्मिक, वन्यजीव और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के बीच यात्रा को सुविधाजनक बनाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और अन्य अतिथियों के साथ भोपाल से उज्जैन के लिए पहली उड़ान भरी। नियमित सेवाएं 20 नवंबर से शुरू होंगी।

संस्कृति, संगीत और ड्रोन शो: जुबिन नौटियाल से महानाट्य तक
तीन दिवसीय राज्योत्सव पूरी तरह से रंग, रोशनी और संगीत से सराबोर रहेगा।
संगीत संध्या: 1 नवंबर की रात को लोकप्रिय पार्श्वगायक जुबिन नौटियाल अपने सुपरहिट गीतों जैसे ‘रातां लम्बियां’ और ‘तारों के शहर’ से समां बांधेंगे।
ड्रोन शो: विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा 2000 ड्रोन के जरिए “विरासत से विकास” थीम पर देश का सबसे बड़ा ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा, जो आसमान में मध्यप्रदेश की गौरवगाथा दिखाएगा।
महानाट्य: 3 नवंबर को सम्राट विक्रमादित्य के गौरवशाली इतिहास को दर्शाने वाला “महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य” का भव्य मंचन होगा।







