खाली प्लॉट पर गंदगी फैलाना पड़ा महंगा, 294 लोगों पर हुई सख्ती

यशभारत खबर का असर
खाली प्लॉट पर गंदगी फैलाना पड़ा महंगा, 294 लोगों पर हुई सख्ती
– निगम ने लगाया 10 हजार का जुर्माना
भोपाल यशभारत। राजधानी की सडक़ों व सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकना लोगों को महंगा पड़ेगा। नगर निगम भोपाल द्वारा इसे लेकर सख्ती शुरू कर दी गई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की तैयारियों के बीच निगम ने साफ-सफाई में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को निगम अमले ने वार्ड-69 के पंजाबी बाग इलाके में एक खाली प्लॉट में गंदगी मिलने पर प्लॉट मालिक पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। यही नहीं, निगम टीम ने मौके पर ही जेसीबी मशीन से पूरे प्लॉट की सफाई कराई। निगम कमिश्नर संस्कृति जैन के निर्देश पर निगम के सभी जोन अधिकारियों को शहर के प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था का सघन निरीक्षण करने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि जहां भी गंदगी मिलेगी, वहां जुर्माना लगाने के साथ-साथ सफाई भी निगम ही करेगा, जिसका खर्च संबंधित व्यक्ति या संस्था से वसूला जाएगा।

शहरभर में 294 लोगों पर कार्रवाई
निगम के स्वास्थ्य विभाग ने पूरे शहर में सफाई अभियान शुरू किया है। इस दौरान कुल 294 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें घरों, दुकानों और संस्थानों के बाहर कचरा फेंकने वाले लोग शामिल थे। मौके पर ही करीब सवा लाख रुपए का स्पॉट फाइन वसूला गया। निगम अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान रोजाना जारी रहेगा और जिन क्षेत्रों से बार-बार शिकायतें मिलेंगी, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी।
लोगों की शिकायत पर हुई कार्रवाई
वार्ड-69 के पंजाबी बाग क्षेत्र में स्थित एक खाली प्लॉट में लंबे समय से कचरा और मलबा जमा था। स्थानीय नागरिकों ने इसकी शिकायत निगम से की थी। जांच में पाया गया कि प्लॉट मालिक ने बार-बार नोटिस मिलने के बावजूद सफाई नहीं कराई। इसके बाद निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर 10 हजार रुपए का जुर्माना ठोका और प्लॉट को जेसीबी से पूरी तरह साफ कराया। निगम ने चेतावनी दी है कि अगर दोबारा गंदगी पाई गई तो दोगुना जुर्माना लगाया जाएगा।
स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर शहर में तैयारियां तेज
देशभर में चल रहे स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में बेहतर रैंक हासिल करने के लिए भोपाल नगर निगम ने कमर कस ली है। निगम टीम रोजाना वार्डवार निरीक्षण कर रही है। सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और आवासीय कॉलोनियों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। इसके अलावा सेल्फी विद क्लीन भोपाल, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और सेग्रीगेशन जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी
स्वच्छता मिशन के तहत आने वाले दिनों में निगम खाली प्लॉट, निर्माण स्थल और बाजार क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखेगा। जिन इलाकों से गंदगी की शिकायतें मिलेंगी, वहां तुरंत फील्ड टीम भेजकर कार्रवाई की जाएगी। भोपाल को स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष शहरों में लाने के लिए निगम की पूरी टीम मैदान में है। नागरिकों से भी अपील है कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और अपने आसपास सफाई बनाए रखें।
– संस्कृति जैन, कमिश्नर , नगर निगम भोपाल







