कर्नाटक हाईकोर्ट ने कमल हासन को फटकारा:कहा- सुरक्षा मांगने आ गए,माफी से मामला सुलझ सकता था

कर्नाटक हाईकोर्ट ने मंगलवार को एक्टर-डायरेक्टर और नेता कमल हासन की 2 जून को दायर याचिका पर सुनवाई की। इसमें उनकी फिल्म ‘ठग लाइफ’ पर कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (KFCC) के कर्नाटक रिलीज पर लगाई रोक हटाने और रिलीज के दौरान पुलिस सिक्योरिटी की मांग की गई है। फिल्म की 5 जून को पैन इंडिया रिलीज है।
कोर्ट ने हासन को उनके बयान ‘कन्नड़ भाषा का जन्म तमिल से हुआ’ पर फटकार लगाई। जस्टिस एम. नागप्रसन्ना ने कहा, ‘आपने किस आधार पर यह बयान दिया है? क्या आप इतिहासकार हैं या भाषाविद्? आप कमल हासन हों या कोई और, आपके पास किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है।’
कोर्ट ने कहा- इस देश का विभाजन भाषा के आधार पर हुआ है। नागरिकों के लिए जल, जमीन और भाषा का बहुत महत्व है। आपके बयान की वजह से अशांति फैली है। कर्नाटक के लोगों ने आपसे सिर्फ एक माफी की उम्मीद की थी, लेकिन आप यहां सुरक्षा मांगने आ गए। कोर्ट ने यह भी कहा कि एक साधारण माफी से यह मामला सुलझ सकता था।
कोर्ट के कहने के बाद भी हासन ने माफी नहीं मांगी। कोर्ट को बताया गया कि एक्टर ने आज KFCC को लेटर लिखा है। फैसला लिया गया है कि जब तक KFCC के साथ बातचीत से मुद्दा हल नहीं हो जाता, तब तक हासन की फिल्म ठग लाइफ कर्नाटक में रिलीज नहीं की जाएगी।
इस पर जस्टिस ने राज्य सरकार, केंद्र सरकार और सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) को नोटिस जारी करने का आदेश दिया। मामले में अगली सुनवाई 10 मई को होगी। तब तक राज्य में हासन की फिल्म रिलीज होती नजर नहीं आ रही है।
जस्टिस बोले- श्री राजगोपाल आचार्य ने भी माफी मांगी थी
सुनवाई के दौरान जस्टिस एम नागप्रसन्ना ने श्री राजगोपाल आचार्य का उदाहरण दिया, जिन्होंने 75 साल पहले ऐसा ही बयान दिया था। जस्टिस ने कहा कि 75 साल पहले ऐसा ही बयान दिया गया था और तब श्री राजगोपाल ने माफी मांगी थी। आप (कमल हासन) क्यों नहीं मांग सकते?
वहीं, कमल हासन ने KFCC को एक पत्र लिखते हुए कहा, मुझे बहुत दुख है कि ठग लाइफ के ऑडियो लॉन्च पर उनका दिया हुआ बयान, जो डॉ. राजकुमार और उनके परिवार, खासकर शिव राजकुमार के लिए उनका सच्चा प्यार था। उसे गलत तरीके से पेश किया गया। मेरा उद्देश्य किसी की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था।
बयान को गलत तरीके से पेश किया- हासन
दरअसल, कमल ने 24 मई चेन्नई में अपनी तमिल फिल्म ‘ठग लाइफ’ के प्रमोशनल इवेंट में कहा था कि कन्नड़ भाषा तमिल से पैदा हुई है। कर्नाटक में इस बयान की काफी आलोचना हो रही है। कई कन्नड़ संगठन एक्टर से माफी की मांग कर रहे हैं। कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (KFCC) ने ‘ठग लाइफ’ की रिलीज पर भी बैन लगा दिया है। KFCC ने कहा है कि जब तक हासन माफी नहीं मांगते, कर्नाटक में फिल्म रिलीज नहीं की जाएगी।
हासन के प्रोडक्शन हाउस राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर ने याचिका में कोर्ट से कर्नाटक सरकार, पुलिस डिपार्टमेंट और फिल्म ट्रेड बॉडीज को फिल्म की रिलीज में बाधा न डालने का निर्देश देने की अपील की। याचिका में पुलिस महानिदेशक और सिटी पुलिस कमिश्नर को स्क्रीनिंग के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तय करने के निर्देश देने की भी मांग की गई।
कमल हासन दो बार कह चुके- माफी नहीं मांगूंगा
कमल हासन कन्नड़ भाषा पर अपनी टिप्पणी को लेकर दो बार माफी से इनकार कर चुके हैं। उन्होंने 30 मई को चेन्नई में अपनी फिल्म ‘ठग लाइफ’ के प्रमोशन के दौरान कहा, ‘भारत एक लोकतांत्रिक देश है। मैं कानून और न्याय में विश्वास करता हूं। मुझे पहले भी धमकियां दी गई हैं, लेकिन अगर मैं गलत हूं तो मैं माफी मांगूंगा, अगर गलत नहीं हूं तो माफी नहीं मांगूंगा।’
इससे पहले उन्होंने 28 मई को केरल में कहा था- मैंने जो कहा वह प्यार से था और बहुत से इतिहासकारों ने मुझे यही सिखाया है। हम एक परिवार हैं और भाषाएं उसका हिस्सा हैं। मेरी तरफ से यह कोई जवाब नहीं, बल्कि एक स्पष्टीकरण है। प्यार माफी नहीं मांगेगा।’







