कैलाश विजयवर्गीय के भजन से झूम उठा बैकुंठधाम

कैलाश विजयवर्गीय के भजन से झूम उठा बैकुंठधाम
– आष्टा तहसील के बापचा में नौ दिवसीय शिव शक्ति महायज्ञ जारी
आष्टा, यश भारत । सीहोर जिले की आष्टा तहसील के ग्राम बापचा बरामद स्थित खुटालिया बैकुंठधाम में चल रहे नौ दिवसीय शिव शक्ति महायज्ञ में उस समय भक्ति का अद्भुत वातावरण बन गया, जब नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंच पर खड़े होकर एक भजन प्रस्तुत किया। मंत्री के भजन गाते ही श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने लगे और पूरा परिसर भक्ति रस में डूब गया।
धाम सरकार के सानिध्य में आयोजित इस महायज्ञ में पंचकुंडी यज्ञ, हवन और वैदिक मंत्रों का उच्चारण निरंतर जारी है। धार्मिक आयोजन में आशीर्वाद लेने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा तथा हिंदू उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष कालू भट्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर करौली बाबा के पोते अच्युतानंद शर्मा भी बैकुंठधाम पहुंचे। उनके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को आशीर्वाद प्रदान किया। संत गोविंद जाने के श्रीमुख से चल रही श्रीमद्भागवत कथा में भी मंत्री ने पहुंचकर संतों का स्वागत किया।
नौ दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में सीहोर जिले के साथ-साथ आसपास के जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन बैकुंठधाम पहुंच रहे हैं। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था का वातावरण बना हुआ है।







