मेट्रो की रफ्तार में धूल फांक रहा जवाहर चौक का व्यापार, अंधेरे और गंदगी से दुकानदार बेहाल

मेट्रो की रफ्तार में धूल फांक रहा जवाहर चौक का व्यापार, अंधेरे और गंदगी से दुकानदार बेहाल
भोपाल, यशभारत। राजधानी को आधुनिक बनाने के लिए मेट्रो का काम जोरों पर है, लेकिन विकास की इस चमक के पीछे जवाहर चौक के व्यापारियों का भविष्य धुंधलाता जा रहा है। शहर को रफ्तार देने के जुनून में सरकार और मेट्रो प्रशासन स्थानीय जनता और दुकानदारों की बुनियादी समस्याओं को पूरी तरह नजरअंदाज कर चुका है। आलम यह है कि महीनों से चल रहे निर्माण कार्य के कारण यहाँ का बाजार अब बंदी की कगार पर पहुँच गया है।
धूल के गुबार ने किया बैठना दूभर
जवाहर चौक क्षेत्र में मेट्रो निर्माण के चलते सड़कों की हालत जर्जर हो चुकी है। दिन भर उड़ने वाली धूल के कारण दुकानदारों का अपनी ही दुकानों में बैठना मुश्किल हो गया है। कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक और किराना व्यापारियों का कहना है कि धूल की वजह से उनका स्टॉक खराब हो रहा है और ग्राहक बाजार में कदम रखने से कतरा रहे हैं।
स्ट्रीट लाइट गायब, शाम होते ही पसरता है सन्नाटा
व्यापारियों की दूसरी सबसे बड़ी समस्या सुरक्षा और रोशनी की है। कार्य के दौरान सड़क किनारे लगे बिजली के खंभों और स्ट्रीट लाइट्स को हटा दिया गया है। वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण शाम होते ही पूरा मार्केट अंधेरे में डूब जाता है, जिससे लूटपाट का डर बना रहता है और ग्राहकों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो जाती है।
अधिकारियों ने फेरा मुंह: अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी
मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वे कई बार मेट्रो के आला अधिकारियों से इस संबंध में शिकायत कर चुके हैं। द्विवेदी का कहना है किहमने अधिकारियों को बताया कि धूल और अंधेरे के कारण दुकानदारी ठप हो गई है। सड़क मरम्मत और पानी के छिड़काव की मांग की गई, लेकिन अधिकारियों ने सुनने के बाद भी अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। प्रशासन की इस बेरुखी से व्यापारियों में भारी आक्रोश है।






