जबलपुरमध्य प्रदेश

जबलपुर- भोपाल हाईवे बंद, टोल वसूली जारी,सहजपुर टोल पर फास्टैग से कट रहे वाहन चालकों के पैसे

रेलवे ब्रिज गिरने के बाद मार्ग डायवर्ट

यश भारत, जबलपुर। जबलपुर–भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर शाहपुरा के पास रेलवे ब्रिज गिरने के बाद से यह मार्ग आधिकारिक रूप से बंद कर दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद बीच मार्ग में स्थित सहजपुर टोल प्लाजा पर टोल वसूली जारी है। वाहन चालकों का आरोप है कि हाईवे बंद होने के बाद भी फास्टैग सेंसर चालू रखकर वाहनों से शुल्क लिया जा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

पाटन से है डायवर्सन

दरअसल 22 फरवरी को शाहपुरा के समीप रेलवे ब्रिज क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद प्रशासन ने जबलपुर–भोपाल मार्ग को शाहपुरा से आगे के लिए बंद कर दिया था। इस संबंध में भेड़ाघाट बायपास चौराहे पर सूचना बोर्ड लगाकर वाहन चालकों को पाटन और सागर मार्ग से होकर वैकल्पिक रास्ते से जाने की सलाह दी गई है। इसके बावजूद जबलपुर और शाहपुरा के बीच स्थित सहजपुर टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की वसूली बंद नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि टोल प्लाजा पर अधिकांश बैरियर खुले रखे गए हैं और कई बूथों पर कर्मचारी भी मौजूद नहीं रहते। ऐसे में वाहन चालकों को यह प्रतीत होता है कि टोल प्लाजा से आवागमन नि:शुल्क है और वे सीधे बीच की लेन से वाहन निकाल देते हैं। लेकिन कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर फास्टैग से टोल शुल्क कटने का संदेश पहुंच जाता है। इससे लोगों में भ्रम और आक्रोश दोनों की स्थिति बन रही है।

दिल्ली की ले रहे आड

इस मामले में टोल प्रबंधन का कहना है कि टोल वसूली बंद करने को लेकर उन्हें दिल्ली मुख्यालय से कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक टोल प्लाजा पर बैरियर मेंटेनेंस कार्य के कारण खुले रखे गए हैं, जबकि फास्टैग सेंसर सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। नियमों के अनुसार यदि किसी राष्ट्रीय राजमार्ग का प्रमुख हिस्सा क्षतिग्रस्त हो जाए, पुल टूट जाए या मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया जाए, तो उस स्थिति में टोल वसूली को लेकर सवाल उठते हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने प्रशासन से इस मामले में स्पष्ट निर्णय लेने और हाईवे पूरी तरह चालू होने तक टोल वसूली रोकने की मांग की है।

ऐसे कट रहा टोल का पैसा

टोल प्लाजा के बैरियर खुले रखे गए
बूथों पर कई जगह कर्मचारी नहीं
टोल की लाइटें भी बंद दिखाई देती हैं
वाहन चालक समझते हैं टोल फ्री है
फास्टैग सेंसर से अपने आप कट जाता है शुल्क

टोल प्लाजा बंद करने को लेकर दिल्ली से कोई भी आदेश प्राप्त नहीं हुआ है, दिल्ली से जैसा भी आदेश प्राप्त होगा वैसा निर्णय लिया जाएगा
अमृतलाल साहू
प्रोजेक्ट डायरेक्टर NHAI

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button