9 साल से फरार अंतरराष्ट्रीय तस्कर तारकनाथ गिरफ्तार

9 साल से फरार अंतरराष्ट्रीय तस्कर तारकनाथ गिरफ्तार
कानपुर रेलवे स्टेशन से दबोचा गया 10 हजार का इनामी
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने वन्य-जीव तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दुर्लभ जलीय जीवों की तस्करी करने वाला कुख्यात आरोपी तारकनाथ घोष आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया है। स्ट्राइक फोर्स और दिल्ली की टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर उसे कानपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना निवासी तारकनाथ घोष साल 2017 से ही फरार चल रहा था। उसके खिलाफ दर्ज गंभीर अपराधों को देखते हुए मामला सीबीआई को सौंपा गया था और उस पर 10000 रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था। इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश 12 जुलाई 2025 को हुआ था। भोपाल और शिवपुरी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 3 तस्करों को रंगे हाथों पकड़ा था। इस दौरान 30 घडिय़ाल के बच्चे 17 रेड कछुए बरामद किए गए थे। इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। एसटीएसएफ अधिकारियों के अनुसार तारकनाथ को शिवपुरी की विशेष अदालत में पेश कर फॉरेस्ट रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ में अंतर्राष्ट्रीय तस्करी सिंडिकेट के कई बड़े चेहरों और गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का खुलासा होने की संभावना है।





