पुराने भोपाल को जाम से मुक्ति दिलाने की पहल

पुराने भोपाल को जाम से मुक्ति दिलाने की पहल
– चौक बाजार-लखेरापुरा से अतिक्रमण हटाने पर जोर
भोपाल, यशभारत। पुराने भोपाल शहर में लगातार बढ़ रही भीड़, ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण की समस्या को लेकर आज पुलिस कंट्रोल रूम में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने चौक बाजार, लखेरापुरा सहित आसपास के क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। सांसद ने स्पष्ट कहा कि पुराने शहर की ऐतिहासिक पहचान और आम नागरिकों की सुविधा के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है, लेकिन इसके लिए अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई अनिवार्य है।
बैठक में एडीएम सुमित कुमार पांडेय, नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन और पुलिस कमिश्नर हरि नारायणचारी मिश्र सहित प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही सभी एसडीएम, ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी और नगर निगम के संबंधित अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान चौक बाजार और लखेरापुरा क्षेत्र में सडक़ किनारे दुकानों के फैलाव, ठेले-गुमटियों की अव्यवस्थित मौजूदगी और अवैध निर्माणों के कारण उत्पन्न हो रही यातायात समस्याओं पर विस्तार से विचार किया गया।
सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि चौक बाजार और लखेरापुरा पुराने भोपाल की जीवनरेखा हैं, जहां दिनभर हजारों लोग खरीदारी, रोजग़ार और आवागमन के लिए आते हैं। अतिक्रमण के कारण यहां एम्बुलेंस, दमकल और अन्य आपात सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चरणबद्ध, सुनियोजित और मानवीय दृष्टिकोण के साथ की जाए, ताकि आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी न हो।
बैठक में यह भी तय किया गया कि ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे और अतिक्रमण के चिन्हित स्थानों पर कार्रवाई की समयबद्ध योजना बनाई जाएगी। साथ ही, वैकल्पिक व्यवस्थाओं और पार्किंग की संभावनाओं पर भी विचार किया गया, जिससे स्थानीय व्यापार प्रभावित न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
अधिकारियों ने सांसद को अवगत कराया कि पूर्व में की गई कार्रवाइयों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और आने वाले दिनों में चौक बाजार व लखेरापुरा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। बैठक के अंत में सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधि और नागरिकों के सहयोग से ही पुराने भोपाल को जाम और अतिक्रमण से मुक्त किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे नियमों का पालन करें और शहर को व्यवस्थित व सुरक्षित बनाने में सहयोग दें।







