इंदौरः 30 लाख की चोरी का पर्दाफाश: माँ-बेटे गिरफ्तार, लाखों के जेवर जब्त

इंदौरः 30 लाख की चोरी का पर्दाफाश: माँ-बेटे गिरफ्तार, लाखों के जेवर जब्त
इंदौर, यशभारत। शहर के लसूडिया थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक सुने घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चोरी को अंजाम देने वाले एक माँ और बेटे को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लसूडिया थाना क्षेत्र की सिंगापुर गोल्ड सिटी बायपास कॉलोनी निवासी फरियादी अंकुश भार्गव ने शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी के मुताबिक, 14 नवंबर को जब उनकी पत्नी घर पर ताला लगाकर बाहर गई हुई थीं, तभी चोरी की वारदात हुई। चोरों ने घर से लगभग 300 ग्राम सोने और 100 ग्राम चांदी के आभूषण चुराए, जिनकी अनुमानित कीमत 30 लाख 20 हजार रुपये थी।
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह और थाना प्रभारी तारेश सोनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर, पुलिस ने खजराना के रहने वाले हाशिम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें हाशिम ने चोरी करने की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के कुछ आभूषण उसने अपनी माँ शब्बो को दिए थे, जो उन्हें लेकर रतलाम चली गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रतलाम से आरोपी युवक की माँ शब्बो को भी गिरफ्तार कर लिया।
माँ-बेटे से जेवरात जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार माँ-बेटे, हाशिम और शब्बो, दोनों से चोरी किए गए आभूषणों को जब्त कर लिया है। वही पुलिस अब दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।







