स्मार्ट सिटी कार्यालय में घुसपैठ और दस्तावेज़ फाड़े जाने की घटना, दो नाबालिग हिरासत में, जांच जारी

स्मार्ट सिटी कार्यालय में घुसपैठ और दस्तावेज़ फाड़े जाने की घटना,
दो नाबालिग हिरासत में, जांच जारी
.jpeg)
जबलपुर, यश भारत। स्मार्ट सिटी कार्यालय, मानस भवन में रविवार को घटी सुरक्षा चूक और दस्तावेजों की तोड़फोड़ की घटना ने प्रशासन को सकते में डाल दिया। सोमवार को इस प्रकरण को लेकर एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें स्मार्ट सिटी के सीईओ अनुराग सिंह ने मीडिया को जानकारी दी। सीईओ अनुराग सिंह के अनुसार, रविवार को दो अज्ञात किशोर मानस भवन स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय में घुस आए थे। वहां रखी कुर्सियों और कुछ दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने दस्तावेजों को पढ़ने की भी कोशिश की। यह पूरी घटना भवन में लगे कैमरों में कैद हुई।
सुरक्षा चूक पर उठे सवाल
घटना के संबंध में तत्काल जांच कमेटी गठित की गई और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने दोनों किशोरों को हिरासत में ले लिया है, लेकिन दोनों के नाबालिग होने के कारण उनकी पहचान उजागर नहीं की गई है।
सीईओ ने स्पष्ट किया कि मानस भवन का दरवाज़ा मेंटेनेंस कार्य के कारण खुला हुआ था, अब प्रशासनिक अधिकारियों को आदेशित किया गया है कि मेंटेनेंस के समय भी सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

फाइल चोरी से इनकार, विलंब नहीं हुआ
घटना की सूचना सोमवार सुबह मिली, जिसके बाद दिनभर की प्रशासनिक व्यस्तताओं के चलते शाम को घटना स्थल का निरीक्षण किया गया और पुलिस को FIR सौंपी गई। सीईओ ने जोर देकर कहा कि किसी भी फाइल या सामग्री की चोरी की पुष्टि जांच में नहीं हुई है।
11 कर्मचारियों की सेवा समाप्त
प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में कार्यरत 11 इंजीनियर, ऑपरेटर और स्टाफ को सेवा समाप्ति के नोटिस जारी किए गए हैं। यह निर्णय मानव संसाधन की आवश्यकताओं और उपलब्ध फंड की सीमाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सीईओ ने कहा कि यदि प्रभावित कर्मचारी उच्च न्यायालय की शरण लेते हैं तो शासन स्तर पर मार्गदर्शन प्राप्त कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रोजेक्ट्स की स्थिति स्पष्ट
सीईओ अनुराग सिंह ने दावा किया कि स्मार्ट सिटी के प्रथम चरण के तहत चिन्हित सभी 116 प्रोजेक्ट्स या तो पूरे हो चुके हैं या अंतिम चरण में हैं। कुछ प्रोजेक्ट्स जिन्हें शुरू नहीं किया गया है, उनके पीछे वित्तीय कारण हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी प्रोजेक्ट अधूरा नहीं है, और फील्ड निरीक्षण में यह बात सामने आई है कि सभी प्रमुख निर्माण कार्य पूरे किए जा चुके हैं। घटना को लेकर पुलिस जांच कर रही है और स्मार्ट सिटी प्रशासन ने भी अपने स्तर पर सतर्कता बढ़ा दी है। आने वाले समय में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा मानकों को सख्त किया जा रहा है।






