मदद करने के नाम पर बदला एटीएम कार्ड, निकाल लिए रुपए – भारतीय स्टेट बैंक की पिपरिया सांडिया शाखा एटीएम में ठगों ने लगाया अपना मोबाइल नंबर
मदद करने के नाम पर बदला एटीएम कार्ड, निकाल लिए रुपए
– भारतीय स्टेट बैंक की पिपरिया सांडिया शाखा एटीएम में ठगों ने लगाया अपना मोबाइल नंबर
यशभारत नर्मदापुरम। फिल्म जमतारा में जिस तरह से ठग देश भर में लोगों के साथ ठगी की वारदात को अंजाम देते हुए खातों से रुपए गायब कर देते हैं उसी तरह नर्मदापुरम के पिपरिया तहसील में ठगी की वारदात सामने आई है। ठगों ने भारतीय स्टेट बैंक के हेल्पलाइन नंबर की जगह ना सिर्फ अपना नंबर चस्पा कर दिया साथ ही मदद करने के नाम पर एटीएम कार्ड भी बदल दिया। ठगों ने पीडि़त व्यक्ति के खाते से करीब 25 हजार रुपए निकाल लिए व शॉपिंग भी कर दी। इस बात की जानकारी संबंधित को तब लगी जब उसके पास खाते से रुपए निकलने के मैसेज आए। जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने एटीएम में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं।
पीडि़त संदीप चौरसिया ने बताया कि गुरुवार सबह व सांडिया रोड पर स्थित एटीएम से पैसे निकालने गया था। इसी दौरान एटीएम मशीन में उसका कार्ड फंस गया और लॉक ओ गया। एटीएम के पास ही लिखे हेल्पलाइन नंबर 7463872480 पर कॉल किया। फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने कहा कि एटीम में फंसे कार्ड से छेड़छाड़ ना करें। दो लोगों को मदद के लिए भेजा जा रहा है।
कुछ देर बाद दो लडक़े एटीएम में आए और कहा कि इंटर बटन दबाकर तीन बार अपना पिन दबाकर लॉक खोल लो। इसी दौरान पास में खड़े लडक़े ने पिन देख लिया। संदीप के मुताबिक जब एटीएम के बाहर निकला तो लडक़ों ने कहा कि आप माता मंदिर के पास रेलवे ब्रिज जाओ वहां बैंक का गार्ड होगा उससे चाबी लेकर आ जाओ कार्ड निकल आए। मैं जैसे ही माता मंदिर पहुंचा तो वहां देखा कि कोई कार्ड नहीं था। कुछ देर बाद मोबाइल पर मैसेज आया कि खाते से 25 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं। इसके कुछ ही देर बाद फिर मैसेज आया कि 420 रुपए की शॉपिंग की गई है। जब एटीम में जाकर देखा तो दोनों लडक़े वहां नहीं थे। एटीएम में लिखे नंबर पर कॉल किया तो नंबर भी बंद जा रहा था। ठगी होने के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई है। एसपी डॉ गुरकरन सिंह का कहना है कि मामला सामने आया है पिपरिया पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो आरोपी पकड़े गए हैं उनसे पूछताछ की जा रही है।






