पहाड़िया से चल रहा था अवैध शराब का गोरखधंधा
421 पाव देशी शराब एवं 1 जुपीटर वाहन जप्त

पहाड़िया से चल रहा था अवैध शराब का गोरखधंधा
421 पाव देशी शराब एवं 1 जुपीटर वाहन जप्त
जबलपुर, यश भारत। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब व मादक पदार्थों के कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना गोरखपुर और चरगवां पुलिस को दो अलग-अलग कार्यवाहियों में सफलता मिली है, जिसमें कुल 421 पाव देशी शराब और एक जुपीटर वाहन जप्त किया गया है। गोरखपुर पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी गोरखपुर श्री
नितिन कमल ने बताया कि 10 नवंबर 2025 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि इंद्रानगर रेजर किराना स्टोर के पास रहने वाला सर्वेश पासी अपने घर के समीप पहाड़िया में अवैध शराब का भंडारण कर बिक्री करता है।
पुलिस टीम ने दबिश दी तो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। मौके से दो प्लास्टिक की बोरियों में 321 पाव देशी शराब (कीमत लगभग ₹34,000) बरामद की गई।
आरोपी सर्वेश पासी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक प्रदीप तिवारी, आरक्षक भूपेन्द्र, अर्पित, मनीष व आलोक की सराहनीय भूमिका रही। चरगवां पुलिस की कार्रवाई
इसी दिन शाम को थाना चरगवां पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति नीले रंग की जुपीटर से अवैध शराब लेकर शहर से सेमरा की ओर जा रहा है। पुलिस ने सेमरा–उमरिया डुंगरिया मार्ग पर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवम साहू (31 वर्ष), निवासी आईटीआई के पास, माढ़ोताल बताया। तलाशी में 100 पाव देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी से शराब और परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की जुपीटर वाहन जप्त कर उसके खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।







