निजी कंपनी के ग्राफिक डिजाइनर की कार्डियक अरेस्ट से मौत

निजी कंपनी के ग्राफिक डिजाइनर की कार्डियक अरेस्ट से मौत
भोपाल यशभारत।
निजी कंपनी के ग्राफिक डिजाइनर की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। गुरुवार को कपिल चौरसिया 25 वर्ष को तबियत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
कपिल ऑफिस में काम कर रहे थे गुरुवार को उनकी तबियत बिगड़ गई थी। मौके पर उनके टीम लीडर यश पाल और अन्य ऑफिस के साथियों ने उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वे इतने गंभीर स्वास्थ्य मामले का उपचार करने में सक्षम नहीं हैं। इसके बाद सहकर्मी उन्हें सीधे तुलसी नगर स्थित जेपी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह स्थिति सिर्फ कपिल चौरसिया की नहीं है, बल्कि युवाओं में तेजी से हार्ट फेलियर की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसके पीछे खराब खानपान, शारीरिक गतिविधि की कमी, धूम्रपान और तनाव दिल की बीमारियों के मुख्य कारण हैं। मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और हाई कोलेस्ट्रॉल भी दिल की बीमारियों को बढ़ावा देते हैं। इसके अलावा जेनेटिक कारणों से भी दिल की बीमारी का खतरा रहता है।
जेपी अस्पताल के डॉ. योगेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि इसका मुख्य कारण वायरस के संक्रमण से एंडोथेलियम (रक्त वाहिकाओं की अंदरूनी परत) का कमजोर हो जाना है। जब एंडोथेलियम कमजोर हो जाता है, तो यह रक्त प्रवाह को सही ढंग से नियंत्रित नहीं कर पाता, जिसके परिणामस्वरूप अचानक क्लॉट (रक्त का थक्का) बनने लगता है और हार्ट अटैक या अन्य हृदय संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।







