राज्यपाल मंगूभाई पटेल करेंगे ध्वजारोहण; 23 टुकड़ियों की कदमताल और 22 विभागों की झांकियों से सजेगी राजधानी

राज्यपाल मंगूभाई पटेल करेंगे ध्वजारोहण; 23 टुकड़ियों की कदमताल और 22 विभागों की झांकियों से सजेगी राजधानी
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल कल 77वें गणतंत्र दिवस के जश्न में डूबने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्य समारोह लाल परेड मैदान पर आयोजित होगा, जहां राज्यपाल मंगूभाई पटेल सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। शनिवार को हुई फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल में समारोह की भव्यता और अनुशासन की एक सटीक झलक देखने को मिली।
महिला नेतृत्व और बिहार पुलिस का विशेष आकर्षण
इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में नारी शक्ति और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की गूंज सुनाई देगी। परेड का नेतृत्व आईपीएस आयुष जाखड़ करेंगे, जबकि परेड टू-आई-सी के रूप में रतलाम की एसडीओपी नीलम बघेल नेतृत्व संभालेंगी। इस बार विशेष आकर्षण के रूप में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की 1-गोरखा बटालियन भी कदमताल करती नजर आएगी।
23 टुकड़ियों का शौर्य और 22 विभागों का विकास
समारोह में कुल 23 टुकड़ियां शामिल हो रही हैं, जिनमें हॉकफोर्स, सीआरपीएफ, आईटीबीपी और श्वान दल के साथ अश्वारोही दल भी अपनी चमक बिखेरेंगे। सुरक्षा और अनुशासन के इस प्रदर्शन के बाद, 22 सरकारी विभाग झांकियों के माध्यम से प्रदेश की विकास गाथा पेश करेंगे। इसमें मुख्य रूप से महिला एवं बाल विकास, आयुष और वन विभाग की झांकियां विशेष संदेश देंगी।
सांस्कृतिक छटा: वीर बेटियों की शौर्य गाथा
परेड के बाद स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। पांच सरकारी स्कूलों के 160 बच्चे वीर बेटियों के बलिदान और साहस की कहानी को नृत्य के माध्यम से जीवंत करेंगे। बधाई, गणगौर और मटकी जैसे पारंपरिक नृत्यों से मध्यप्रदेश की माटी की खुशबू बिखेरी जाएगी।
अधिकारियों ने लिया सुरक्षा का जायजा
कल के आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा, भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने रिहर्सल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सिटिंग अरेंजमेंट का बारीकी से निरीक्षण किया है।






