
सोने में जोरदार उछाल, चांदी–प्लैटिनम भी चमके
जबलपुर,यश भारत । कम बाजार तरलता के बीच बुधवार को सोने की कीमतों में मजबूती देखने को मिली। पिछले सत्र में एक सप्ताह के निचले स्तर पर फिसलने के बाद सोने ने वापसी की, जबकि निवेशकों की नजर अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की जनवरी बैठक के मिनट्स पर टिकी है, जिनसे ब्याज दरों के संकेत मिल सकते हैं।
स्पॉट गोल्ड 1.1% बढ़कर 4,931.61 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि मंगलवार को इसमें 2% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई थी। अप्रैल डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.9% की बढ़त के साथ 4,950.20 डॉलर पर कारोबार करते दिखे।
मुंबई स्थित केडिया कमोडिटीज के निदेशक अजय केडिया ने कहा कि सोना 4,850 डॉलर के ऊपर तकनीकी सपोर्ट ले रहा है और यह पिछली गिरावट के बाद एक तकनीकी उछाल है। उन्होंने बताया कि बाजार फेड की जनवरी बैठक के मिनट्स का इंतजार कर रहा है।
निवेशक शुक्रवार को जारी होने वाली अमेरिकी पर्सनल कंजम्प्शन एक्सपेंडिचर (पीसीई) रिपोर्ट पर भी नजर रखेंगे, जिससे इस साल ब्याज दरों की दिशा को लेकर और संकेत मिल सकते हैं। सीएमई फेड वाच टूल के मुताबिक, बाजार फिलहाल जून में फेड द्वारा दरों में कटौती की उम्मीद कर रहा है। कम ब्याज दरों के माहौल में बिना ब्याज देने वाली धातु—सोना—आमतौर पर बेहतर प्रदर्शन करती है।
शिकागो फेड के अध्यक्ष औस्टन गुल्स बी ने कहा कि यदि महंगाई 2% के लक्ष्य की ओर फिर से घटती है, तो इस साल “कई और” दर कटौतियों को मंजूरी मिल सकती है। वहीं, फेड गवर्नर माइकल बर्र ने महंगाई से जुड़े जोखिमों का हवाला देते हुए कहा कि अगली दर कटौती में अभी समय लग सकता है।
स्टोनएक्स के वरिष्ठ विश्लेषक मैट सिम्पसन अनुसार, निकट अवधि में तेजी सीमित रह सकती है और सोना 4,700 से 5,100 डॉलर के दायरे में बना रह सकता है।
अन्य कीमती धातुओं में भी तेजी रही। स्पॉट सिल्वर 2.9% उछलकर 75.58 डॉलर प्रति औंस पर पहुंची, जबकि प्लैटिनम 2% बढ़कर 2,047.75 डॉलर और पैलेडियम 2.4% की तेजी के साथ 1,722.22 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा।







