गैंगवार और पुरानी रंजिश बनी रूपेंद्र की हत्या की वजह, पांच के खिलाफ मामला दर्ज आरोपियों में से भी एक घायल

जबलपुर यश भारत । खमरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच रिठौरी में एक पुराने बदमाश की पांच लोगों ने मिलकर हत्या कर दी। हत्या की तह में पुरानी रंजिश और गैंगवार का परिणाम बताया जा रहा है। आरोपियों में से एक एक आरोपी को चोट भी आई है और उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बाकी आरोपी अभी फरार बताये जा रहे हैं। घटना के संबंध में थाना प्रभारी खमरिया सरोजिनी टोप्पो ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ समय पूर्व मृतक रूपेंद्र साहू का लक्ष्मण बंजारा से विवाद हुआ था तथा चाकू बाजी में लक्ष्मण घायल भी हुआ था तभी से लक्ष्मण और उसके साथी रूपेंद्र को ठिकाने लगाने की जुगत में लगे थे और आखिरकार बीती रात आरोपियों ने तलवार कुल्हाड़ी चाकू और डंडा से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना लक्ष्मण बंजारा के घर के आसपास उस समय अंजाम दी गई जब मृतक अपने कुछ साथियों के साथ कार से वापस अपने घर मझगंवा पनागर लौट रहा था। जिसकी जानकारी लक्ष्मण और उसके साथी देवा रजक विशाल पटेल अज्जू रजक और संदीप रजक को पहले से ही लग गई थी और यह लोग हथियारों से लैस होकर उसका इंतजार कर ही रहे थे। जैसे ही रूपेंद्र कि कार लक्ष्मण के घर के पास से गुजरी पहले से इंतजार कर रहे लक्ष्मण देवा और उनके साथियों ने कार रोककर उस पर हमला बोल दिया। रूपेंद्र पर हथियारों से घातक वार किए गए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की ओर से भी उसके साथियों के द्वारा बचाव में मारपीट किए जाने की जानकारी लगी है जिसमें देवा रजक को भी चोट आई हैं और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खमरिया पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर बाकी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।पनागर निवासी मृतक रूपेंद्र साहू आदतन अपराधी था। उसके खिलाफ अवैध वसूली, हत्या के प्रयास और रुपयों के लिए लोगों को धमकाने सहित करीब दो दर्जन से ज्यादा मामले थे।रूपेंद्र ने अपने दोस्त सतीश कुशवाहा, जित्तू बंजारा एवं दो अन्य के साथ मिलकर ग्राम रिठौरी निवासी लक्ष्मण बंजारा पर सितंबर 2024 में हमला किया था। तभी से बंजारा परिवार रूपेंद्र को ठिकाने लगाने की फिराक में था।आरोपी लक्ष्मण बंजारा ने 11 माह बाद बदला लिया।
आठ माह पहले रूपेंद्र साहू के गुर्गों ने अवैध वसूली के लिए खमरिया शराब दुकान पर फायरिंग की थी। इस घटना में दुकान में बैठा कर्मचारी बाल-बाल बच गया था। वहीं घायल देवारजक और लक्ष्मण बंजारा भी अपराधिक प्रवृत्ति के हैं इनके खिलाफ भी कई मामले दर्ज हैं और यह दोनों ही पक्ष अपनी-अपनी गैंग भी चलाते थे। खमरिया पुलिस का कहना है कि क्योंकि देवा को भी चोटे आई हैं इसलिए जांच के बाद दूसरे पक्ष पर भी मामला दर्ज किया जा सकता है।







