भोपाल

व्यापारी को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश: नाबालिग समेत चार गिरफ्तार

व्यापारी को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश: नाबालिग समेत चार गिरफ्तार

-आरोपियों से 55 हजार नगदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त

भोपाल, यशभारत। टीला जमालपुरा इलाके में जुलाई माह में एक पान मसाला व्यापारी के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक नाबालिग और उसके तीन साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि लूट की योजना बनाने वाला मुख्य आरोपी सेंट्रल जेल में बंद है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई रकम में से 55 हजार रूपए और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है। जबकि आरोपियों ने वारदात के बाद फरियादी की जुपिटर गाड़ी हलाली डेम में फेंक दी थी, जिसकी पुलिस तलाश करा रही है।

थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि जैन नगर लालघाटी निवासी सचिन जैन पुत्र सुरेश जैन(44) की पीपल चौराहा करोंद पर पान-मसाला की दुकान है।  गत 18 जुलाई की रात वह दुकान बंद कर अपनी जुपिटर गाड़ी से घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े दस बजे जब वह मिलेट्री चेक पोस्ट के पास अंधेरे स्थान पर पहुंचे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और जुपिटर गाड़ी छीन कर ले गए। जुपिटर गाड़ी की डिग्गी में 1.50 लाख रूपए नगदी रखे हुए थे। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। इस दौरान पुलिस ने हुलिए और सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गोया कॉलोनी निशातपुरा निवासी केशव यादव पुत्र कन्हैया(20), करोंद खुर्द ईटखेड़ी निवासी दीपक लोधी पुत्र पप्पू लोधी(23), सूरज नगर रातीबड़ निवासी राजकुमार रेड्डी उर्फ बाउंसर पुत्र जंग बहादुर(21) और उनके साथी विधि विरूद्ध बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

योजना बनाकर दिया वारदात को अंजाम-
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि लूट की योजना उनके साथी निशातपुरा निवासी अभिराज पुत्र गुड्डू अहिरवार ने बनाई थी। इसके बाद सभी साथियों ने मिलकर पहले व्यापारी सचिन जैन पर नजर रखी और रैकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। वारदात के लूटी गई जुपिटर गाड़ी को आरोपियों ने हलाली डेम में फेंक दिया। जिसकी पुलिस तलाश करा रही है। आरोपियों ने 1.50 लाख रूपए में से 95 हजार रूपए अपने शौक पूरा करने के लिए खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपियों के पास से 55 हजार रूपए नगदी और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक जब्त कर ली है। गिरोह का सरगना और लूट की योजना बनाने वाला मुख्य आरोपी अभिराज को अयोध्या नगर पुलिस ने लूट के मामले में गिरफ्तार किया था। जो फिलहाल जेल में बंद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button