
इनोवा कार की टक्कर से चार वर्षीय बालक की मृत्यु, शादी के घर मातम
मुंबई, यश भारत मुंबई के मालाड पूर्व स्थित एक विवाह समारोह के घर में उस समय खुशियों का माहौल मातम में बदल गया, जब चार वर्षीय बालक लक्ष्य सिंह की एक इनोवा कार की टक्कर से मृत्यु हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाह समारोह के दौरान लक्ष्य घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक इनोवा कार को पीछे करते समय चालक ने कथित रूप से बालक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल लक्ष्य को तत्काल अस्पताल नहीं ले जाया गया, जिससे उसकी स्थिति और बिगड़ गई तथा घटनास्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक बालक के पिता जयप्रकाश सिंह ने आरोप लगाया है कि यदि वाहन चालक अथवा वाहन स्वामी द्वारा तुरंत बच्चे को अस्पताल पहुंचाया जाता, तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने यह भी कहा कि घटना का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है, जिसमें स्पष्ट रूप से दिखाई देता है कि वाहन को रिवर्स करते समय लक्ष्य कार के नीचे आ गया।
परिवार के अनुसार, लक्ष्य का जन्म विवाह के 20 वर्ष बाद हुआ था। लंबे इंतजार और मनौतियों के बाद जन्मे इस इकलौते पुत्र की असमय मृत्यु से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
परिजनों ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रारंभ में पुलिस ने जानबूझकर ‘हिट एंड रन’ का मामला दर्ज नहीं किया, जिससे आरोपी को शीघ्र जमानत मिल गई। हालांकि, जब परिवार को इस संबंध में जानकारी मिली, तो उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया का सहारा लिया और अदालत में पुनर्विचार याचिका दायर की। इसके बाद चालक की जमानत निरस्त कर दी गई।







