
मेघालय की कोयला खदान में धमाका, चार मजदूरों की मौत
नई दिल्ली, यश भारत।मेघालय के ताशखाई क्षेत्र में स्थित एक कोयला खदान में मंगलवार को हुए भीषण धमाके ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस हादसे में कम से कम चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। विस्फोट की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मृतक मजदूरों के असम निवासी होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि उनकी पहचान और गृह राज्य को लेकर आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया अभी जारी है। धमाके के बाद मेघालय पुलिस, अग्निशमन दल और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं तथा खदान के भीतर फंसे अन्य मजदूरों की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके मद्देनज़र प्रशासन ने खदान के आसपास के क्षेत्र को घेराबंदी में लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और घायलों को शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।







