साध्वी रंजना से मारपीट के बाद मिसरोद थाने पर भारी हंगामा, हिंदू संगठनों का प्रदर्शन

साध्वी रंजना से मारपीट के बाद मिसरोद थाने पर भारी हंगामा, हिंदू संगठनों का प्रदर्शन
गाड़ी टकराने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, कई थानों का बल तैनात
भोपाल, यश भारत। राजधानी के मिसरोद थाना क्षेत्र में आरएसएस (RSS) और विश्व हिंदू परिषद (VHP) की प्रखर वक्ता साध्वी रंजना के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाने पहुंच गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बिगड़ते हालात को देखते हुए मिसरोद समेत गोविंदपुरा, शाहपुरा और पुलिस कंट्रोल रूम से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
विवाद की जड़: मामूली टक्कर और फिर हमला
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत गाड़ी टकराने को लेकर हुई थी। आरोप है कि अभय पाटीदार और विनय पाटीदार नामक दो युवकों ने साध्वी रंजना की गाड़ी को टक्कर मारी और जब इसका विरोध किया गया, तो उन्होंने साध्वी के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। साध्वी रंजना आरएसएस और वीएचपी की सक्रिय सदस्य और ओजस्वी वक्ता के रूप में जानी जाती हैं, जिसके चलते खबर फैलते ही संगठन के कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे।
थाने पर धरना और शक्ति प्रदर्शन
घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री सहित संघ और वीएचपी के कई बड़े नेता मिसरोद थाने पहुंच गए। संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर ही धरना शुरू कर दिया।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। थाने पर बढ़ती भीड़ और हंगामे को नियंत्रित करने के लिए संभाग के तीन थानों के अलावा रिजर्व बल भी बुलाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देने में जुटे हैं।







