राजभवन के पास दिनदहाड़े फायरिंग, गुर्जर नेता के ड्राइवर ने चलाई गोली
पुलिस लिखी कार से आया आरोपी; एमपी ऑनलाइन कर्मी बाल-बाल बचा

राजभवन के पास दिनदहाड़े फायरिंग, गुर्जर नेता के ड्राइवर ने चलाई गोली
पुलिस लिखी कार से आया आरोपी; एमपी ऑनलाइन कर्मी बाल-बाल बचा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अति-सुरक्षित माने जाने वाले रोशनपुरा चौराहे पर शुक्रवार शाम को दिनदहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गुर्जर समाज के एक नेता के ड्राइवर ने पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद होने पर एमपी ऑनलाइन की दुकान के कर्मचारी पर रिवॉल्वर से फायर कर दिया। यह घटना राजभवन और अरेरा हिल्स थाने से मात्र 400 मीटर की दूरी पर हुई है, जिसने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विवाद की शुरुआत: ऑनलाइन पेमेंट और ₹30,000
घटना शाम करीब 5 बजे की है। आरोपी, जो ‘पुलिस’ लिखी हुई कार से आया था, रोशनपुरा चौराहे के पास स्थित एक एमपी ऑनलाइन की दुकान पर गया। उसने पहले अपनी मां के खाते में ₹30,000 ट्रांसफर करवाए, जिसके बाद उसने ₹80,000 और ट्रांसफर करने के लिए कहा।जब दुकान के कर्मचारी श्याम विजयवर्गीय ने पहले ट्रांसफर किए गए ₹30,000 की मांग की, तो आरोपी भड़क गया।
रिवॉल्वर निकाली और दो फायर किए
पैसा मांगने से गुस्साए आरोपी ने बाहर खड़ी कार से रिवॉल्वर निकाली और दुकान के कर्मचारी पर दो गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि एक गोली कर्मचारी श्याम विजयवर्गीय को छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। दूसरी गोली पास के एक प्रतिष्ठित ज्वैलरी शोरूम के कांच पर जा लगी। गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुकानदारों ने तुरंत दुकानें बंद कर दीं और लोग सुरक्षित ठिकानों की ओर भागने लगे।
आरोपी की पहचान: नेता का ड्राइवर, चोरी की कार और रिवॉल्वर
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी, गुर्जर समाज के नेता लोकेंद्र गुर्जर का ड्राइवर है। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर लोकेंद्र गुर्जर से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि ड्राइवर उनकी कार और रिवॉल्वर चुराकर भागा था, और पैसे मांगने पर उन्होंने उसे मना कर दिया था। लोकेंद्र गुर्जर की पत्नी भोपाल जिला न्यायालय में विशेष लोक अभियोजक हैं।
पुलिस कर रही तलाश, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घायल कर्मचारी श्याम विजयवर्गीय को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसे शहर से बाहर जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर दी गई है।







