नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री का भंडाफोड़: Sensodyne के नाम पर बेचा जा रहा था फर्जी माल
दिल्ली में क्राइम ब्रांच ने की बड़ी कार्रवाई

दिल्ली,एजेंसी। राजधानी दिल्ली में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली टूथपेस्ट बनाने वाले रैकेट का पर्दाफाश किया है। खंजावला के महावीर विहार इलाके में चल रही इस फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली Sensodyne टूथपेस्ट, खाली ट्यूब, पैकेजिंग सामग्री और मशीनें जब्त की गई हैं।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस को 2 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि एक गोदाम में नकली टूथपेस्ट तैयार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने छापा मारकर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया।
फैक्ट्री में कैसे बन रहा था नकली माल
छापे के दौरान पाया गया कि 6 मजदूर मशीनों की मदद से खाली ट्यूबों में घटिया क्वालिटी का पेस्ट भर रहे थे। इसके बाद इन ट्यूबों को सील कर असली Sensodyne की तरह पैक कर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
आरोपी गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि गोदाम का संचालन हरिओम मिश्रा कर रहा था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह किराए के गोदाम में नकली टूथपेस्ट तैयार कर बाजार में सप्लाई करता था।
उपभोक्ताओं के लिए चेतावनी
पुलिस ने बताया कि ऐसे फर्जी उत्पाद न सिर्फ उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हैं, बल्कि बाजार में भरोसे को भी नुकसान पहुंचाते हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे केवल प्रमाणित और विश्वसनीय स्रोतों से ही उत्पाद खरीदें।







