वंदे भारत और शताब्दी में डीआरएम ने किया फुटप्लेट निरीक्षण

वंदे भारत और शताब्दी में डीआरएम ने किया फुटप्लेट निरीक्षण
– यात्रियों से सीधे संवाद कर सुविधाओं का लिया फीडबैक
भोपाल, यश भारत। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में संरक्षा और यात्री सुविधाओं की समीक्षा के लिए मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने वंदे भारत और शताब्दी ट्रेनों में फुटप्लेट निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ यात्रियों से सीधे संवाद कर सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।
डीआरएम पंकज त्यागी ने वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सचित शर्मा और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर आरपी खरे के साथ मंडल के विभिन्न परिचालन बिंदुओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के तहत उन्होंने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से झांसी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में फुटप्लेट निरीक्षण किया। यात्रा के दौरान डीआरएम ने लोको पायलट के साथ संरक्षा मानकों, सिग्नलिंग व्यवस्था और ट्रेन संचालन की प्रक्रिया का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से बातचीत कर उनकी यात्रा से जुड़े अनुभव और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। यात्रियों ने ट्रेन की स्वच्छता, समयपालन और सुविधाओं को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।
झांसी पहुंचने पर डीआरएम ने रेलवे के रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया, जहां ट्रेन क्रू के ठहरने और आराम करने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोको पायलट और अन्य रनिंग स्टाफ के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन बेहतर तरीके से कर सकें।
वापसी यात्रा के दौरान डीआरएम पंकज त्यागी ने शताब्दी एक्सप्रेस से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन तक फिर से फुटप्लेट निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रेन संचालन, सुरक्षा मानकों और तकनीकी व्यवस्थाओं का विस्तार से मूल्यांकन किया गया।







