एमपी में ठंड का डबल अटैक, जमा देने वाली रातें और कोहरे में सिमटे दिन, जनजीवन बेहाल

एमपी में ठंड का डबल अटैक, जमा देने वाली रातें और कोहरे में सिमटे दिन, जनजीवन बेहाल
कल्याणपुर (शहडोल) में पारा 2.7 डिग्री पहुँचा, कोहरे के कारण 6 घंटे तक लेट हो रहीं ट्रेनें, फसलों पर जमने लगी बर्फ।
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश इन दिनों भीषण सर्दी और घने कोहरे की दोहरी मार झेल रहा है। हालात ऐसे हैं कि प्रदेश का बड़ा हिस्सा सुबह होते ही सफेद चादर में लिपट जाता है, जिससे रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दिल्ली से आने वाली एक दर्जन से अधिक ट्रेनें रोजाना 2 से 6 घंटे की देरी से चल रही हैं।
शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा, ओस बनी बर्फ
बीती रात शहडोल जिले का कल्याणपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उमरिया, राजगढ़ और शिवपुरी में भी पारा गिरने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सीहोर, छिंदवाड़ा और मुरैना में सुबह खेतों में पौधों पर जमी ओस की बूंदें बर्फ की तरह जमी नजर आईं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। पाला पड़ने से फसलों को भारी नुकसान की आशंका है।
कोहरे के साये में उत्तर मध्यप्रदेश
ग्वालियर-चंबल अंचल और विंध्य क्षेत्र में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी (दृश्यता) शून्य के करीब पहुँच गई है। ग्वालियर, भिंड, मुरैना, छतरपुर, सतना और रीवा सहित करीब 15 जिलों में सुबह के समय आवाजाही बेहद मुश्किल रही। राजधानी भोपाल और इंदौर में भी मध्यम कोहरा दर्ज किया गया।
सूरज बेअसर, दिन में भी कोल्ड डे जैसे हालात
सिर्फ रात ही नहीं, बल्कि दिन में भी ठिठुरन से राहत नहीं मिल रही है। खजुराहो और नौगांव में दिन का अधिकतम तापमान 16 डिग्री से भी नीचे गिर गया। दतिया और रीवा में सर्द हवाओं के चलने से कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है, जिससे लोग दिन भर अलाव और हीटर का सहारा लेने को मजबूर हैं।
अभी और सताएगी सर्दी: मौसम विभाग
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हिमालय क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने से पहाड़ों की बर्फीली हवाएं अब मैदानी इलाकों की ओर रुख करेंगी। अगले 2-3 दिनों में ठंड का असर और तीखा हो सकता है। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि बहुत जरूरी होने पर ही सुबह-शाम यात्रा करें और ठंड से बचाव के पुख्ता इंतजाम रखें।







