भोपालमध्य प्रदेश

सूचनाओं का त्वरित संप्रेषण करें जनसंपर्क अधिकारी – आयुक्त जनसम्पर्क

सूचनाओं का त्वरित संप्रेषण करें जनसंपर्क अधिकारी – आयुक्त जनसम्पर्क
– राज्य स्तरीय कार्यशाला में हुए माइंड स्टॉर्मिंग सैशन
भोपाल यशभारत। जन कल्याण के लिए शासकीय योजनाओं और कायक्रमों को प्रिंट, इलेक्ट्रानिक, डिजिटल और सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाएं। साथ ही आमजन की भावनाओं, आवश्यकताओं से निरंतर शासन और प्रशासन को अवगत कराएं। मीडिया, जनप्रतिनिधियों, अधिकारिओं और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद और सम्पर्क कर जनहित में सूचनाओं का त्वरित संप्रेषण करें। यह बात जनसंपर्क आयुक्त दीपक सक्सेना ने राज्य स्तरीय कार्यशाला में अधिकारियों को संबोधित करते हुए कही।
कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ पंकज श्रीवास्तव, मनोज मनु, शरद द्विवेदी, और सचिन चौधरी ने प्रिंट, इलेक्ट्रानिक, सोशल और डिजिटल मीडिया के संबंध में सारगर्भित जानकारी दी। कार्यशाला में माइंड स्टॉर्मिंग सेशन हुए, जिनमें आयुक्त जनसंपर्क सक्सेना और विषय- विशेषज्ञों द्वारा जनसंपर्क अधिकारियों से गहन संवाद किया गया। अपर संचालक जीएस वाधवा, संजय जैन संयुक्त संचालक पंकज मित्तल, अशोक मनवानी, आरआर पटेल सहित प्रदेश के सभी संभागीय और जिला जनसंपर्क अधिकारी उपस्थित थे।
आयुक्त ने कहा कि जनसंपर्क विभाग जनता और शासन के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करता है। एक ओर जहां विभाग जनता की भावनाओं को शासन प्रशासन को संप्रेषित करता है, वहीं दूसरी ओर शासन की योजनाओं और कार्यों को आम जनता तक पहुँचाता है। विभाग मीडिया के सहयोग से इस कार्य को बखूबी अंजाम देता है। जनसंपर्क अधिकारी अपनी इस ताकत को पहचाने और सक्रिय एवं सजग होकर कार्य करें।
मीडिया का परिदृश्य बदल गया है
आयुक्त सक्सेना ने कहा कि बीते वर्षों में मीडिया का परिदृश्य बहुत बदल गया है। आज रियल टाइम रिपोर्टिंग की आवश्यकता है। जनसंपर्क अधिकारी प्रिंट मीडिया को समय पर उपलब्ध कराने समाचार के साथ इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल/ सोशल मीडिया को भी उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप समाचार उपलब्ध कराए। जनसंपर्क अधिकारी केवल शासकीय बैठकों और कार्यक्रमों के कवरेज तक ही सीमित न रहें। फील्ड में जाकर शासन की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर केन्द्रित और नागरिकों की भावनाओं को शामिल कर समाचार बनाएं।
जनसंपर्क आयुक्त ने कहा कि मीडिया के बदलते हुए स्वरुप के अनुसार समाचारों की हैडिंग और वन लाइनर्स पर विशेष ध्यान दें। शासन के प्राथमिकता वाले विषयों जैसे किसान, महिला, बच्चे, युवा कल्याण-कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए। शासन के मेगा प्रोजेक्ट का भी व्यापक प्रचार प्रसार हो।
जिला कार्यालयों को किया जाएगा सशक्त
जनसंपर्क आयुक्त ने कहा कि शासन के प्रचार-प्रसार में जिला कार्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी जिला जनसंपर्क कार्यों को आवश्यक संसाधन और मैनपॉवर देकर सशक्त बनाया जाएगा। आयुक्त ने कार्यशाला में उपस्थित जनसंपर्क अधिकारी से संवाद किया, कार्य के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
पॉजिटिव न्यूज़ फोल्डर का करें व्यापक प्रचार-प्रसार
जनसंपर्क संचालनालय द्वारा प्रतिदिन प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया की खबरों के आधार पर एक डिजिटल पॉजिटिव न्यूज़ फोल्डर तैयार किया जाता है, जिसमें शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों और प्रदेश के प्रत्येक जिले की उपलब्धियां को प्रमुखता से लिया जाता है। आयुक्त ने निर्देश कि इस फोल्डर को जनहित में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।
पत्रकार पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि जनसंपर्क अधिकारी तैयार किए जाने वाले समाचारों में न्यूज कंटेंट के साथ प्रस्तुतीकरण बेहतर होना चाहिए। साथ ही समय का भी ध्यान रखा जाना चाहिए. जनसंपर्क अधिकारी मीडिया से निरंतर संवाद करें, इससे शासकीय योजनाओं का प्रभावी ढंग से प्रचार-प्रसार होगा। पत्रकार मनोज मनु ने कहा कि मध्यप्रदेश का जनसंपर्क विभाग बहुत अच्छा कार्य कर रहा है. आज मीडिया के बदलते दौर में विभाग की चुनौतियां भी बढ़ रही हैं।
पत्रकार शरद द्विवेदी ने कहा कि जनसंपर्क अधिकारी अपनी ताकत को पहचानें। जनसंपर्क जनकल्याण का सशक्त माध्यम है। जनसंपर्क अधिकारी ना तो अपने मन में किसी प्रकार का भय रखें और ना ही अहंकार। सभी वर्गों के साथ पूरे उत्साह के साथ मिले और संवाद करें। समाचारों को प्रभावी बनाने के लिए उनमें सूचनाओं के साथ रोचकता का भी समावेश करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button