गोवा और लखनऊ के लिए भोपाल से मिलेगी सीधी फ्लाइट – राजा भोज एयरपोर्ट से अक्टूबर माह से शुरू होगी सुविधा

गोवा और लखनऊ के लिए भोपाल से मिलेगी सीधी फ्लाइट
– राजा भोज एयरपोर्ट से अक्टूबर माह से शुरू होगी सुविधा
भोपाल यशभारत। भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले लोगों को जल्द ही नई सुविधा शुरू हो जा रही है। गोवा और लखनऊ के लिए अक्टूबर से सीधी फ्लाइट मिलेगी। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इन दोनों प्रमुख रूट्स पर फिर से सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। इससे न सिर्फ यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। गौरतलब है कि गोवा एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जबकि लखनऊ उत्तर भारत का एक बड़ा सांस्कृतिक और प्रशासनिक केंद्र है। दोनों ही शहरों के लिए सीधी उड़ानें बंद होने से यात्रियों को ट्रांजिट की परेशानी झेलनी पड़ रही थी। राजा भोज एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक अक्टूबर से शुरू होने वाली इन उड़ानों के लिए जल्द ही शेड्यूल और टिकट बुकिंग की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। इस फैसले से भोपाल के यात्रियों को न सिर्फ राहत मिलेगी, बल्कि मध्यप्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी। एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि इंडिगो गोवा और लखनऊ के लिए सीधे फ्लाइट्स फिर से शुरू होने वाली है। कोलकाता और जेवर नोएडा इंटरनेशनल के लिए भी फ्लाइट्स दिल्ली, मुंबई, पुणे, हैदराबाद और रायपुर के मौजूदा रूट्स के साथ यात्रियों को ज्यादा फ्लाइट्स की सुविधा मिल सकेगी।







