प्रदेश में 1 मई से शुरू होगी डिजिटल मकान गणना, मुख्यमंत्री ने किया प्रशिक्षण का शुभारंभ

प्रदेश में 1 मई से शुरू होगी डिजिटल मकान गणना, मुख्यमंत्री ने किया प्रशिक्षण का शुभारंभ
भोपाल, यशभारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के लिए राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनगणना केवल एक प्रशासनिक कवायद नहीं, बल्कि देश के भविष्य की दिशा तय करने वाला एक महत्वपूर्ण अभियान है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान बताया गया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह आधुनिक होगी। 1 मई से मकानों की डिजिटल गणना का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए फील्ड पर तैनात कर्मियों को विशेष मोबाइल ऐप्स और डिजिटल टूल्स का उपयोग करना होगा। कार्यक्रम में जनगणना की बारीकियों को समझाने के लिए एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
योजनाओं का आधार है डेटा: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा, “भारत अब दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन चुका है। ऐसे में जनगणना का महत्व और भी बढ़ जाता है क्योंकि इसी डेटा के आधार पर आगामी सरकारी योजनाएं बनाई जाती हैं और संसाधनों का सही वितरण सुनिश्चित होता है।
प्रशिक्षण में मुख्य सचिव अनुराग जैन, प्रदेश के सभी संभागायुक्त, जिला कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया की उपस्थिति में आयोजित इस सत्र में अधिकारियों को फील्ड स्तर पर आने वाली चुनौतियों और उनकी निगरानी प्रणाली (CMMS, HLBC) के बारे में विस्तार से समझाया गया।
प्रदेश के गृह विभाग के सचिव एवं राज्य नोडल अधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि पूरी प्रक्रिया केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अधीन संचालित की जा रही है, ताकि डेटा की शुद्धता और गोपनीयता बनी रहे।






