डिप्टी सीएम का कांग्रेस पर तीखा हमला,
कहा संविधान की धज्जियां उड़ाने का है इतिहास

डिप्टी सीएम का कांग्रेस पर तीखा हमला,
कहा संविधान की धज्जियां उड़ाने का है इतिहास
जबलपुर यश भारत। मध्य प्रदेश के दौरे पर आईं डिप्टी सीएम ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संविधान का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि संविधान बचाने का नाटक करने वाली कांग्रेस ने ही डॉ. भीमराव अंबेडकर की उपेक्षा की और सत्ता में रहते हुए बार-बार संविधान को तोड़-मरोड़ कर अपनी राजनीति चमकाई।
उन्होंने कहा, गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में जो तथ्य रखे हैं, वे साफ दिखाते हैं कि कांग्रेस ने किस तरह सरकारें गिराने और अपनी सुविधा के अनुसार शासन चलाने का काम किया। यह सब इतिहास के पन्नों में दर्ज है। कांग्रेस की संविधान बचाओ यात्रा महज राजनीतिक ड्रामा है, जिसका जनता से कोई वास्ता नहीं।
राहुल गांधी को उनकी ही पार्टी गंभीरता से नहीं लेती
डिप्टी सीएम ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, कांग्रेस के लोग खुद राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेते, तो भाजपा को उनकी बातों पर ध्यान देने की जरूरत ही नहीं है। इस तरह की राजनीति और गतिविधियों को रोकने के लिए जनता को सतर्क रहना होगा। सरकार इस पर सख्त है और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
मोदी सरकार ने देश को आर्थिक महाशक्ति बनने की राह पर पहुंचाया’
डिप्टी सीएम ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा, आज देश तेज़ी से दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। जनता ने विकास का महत्व समझ लिया है और भाजपा को मजबूती से समर्थन दे रही है। हरियाणा और महाराष्ट्र चुनाव इसकी मिसाल हैं। जनता जानती है कि देश का विकास केवल मोदी के नेतृत्व में ही संभव है।
केजरीवाल का नकाब उतर चुका है
दिल्ली की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा, अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है। शराब घोटाले में फंसे उनके नेताओं को जेल जाना पड़ा है। ईमानदारी का झूठा प्रचार कर उन्होंने जनता को गुमराह किया। लेकिन इस बार दिल्ली की जनता उन्हें सबक सिखाएगी। उनकी राजनीतिक लोटिया डूबने वाली है।
इंडिया गठबंधन सिर्फ भाजपा को रोकने का एजेंडा
विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, इंडिया गठबंधन का कोई आधार नहीं है। ये सिर्फ भाजपा को रोकने के लिए इकट्ठा हुए हैं। लेकिन जनता के विश्वास को तोड़ना इतना आसान नहीं है। यह गठबंधन जल्द ही बिखर जाएगा।
जबलपुर को मिलेगा हाई-टेक कैंसर हॉस्पिटल
डिप्टी सीएम ने जबलपुर को जल्द ही अत्याधुनिक कैंसर हॉस्पिटल मिलने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अस्पताल के निर्माण की प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है। इसमें उन्नत तकनीकी मशीनें लगाई जाएंगी, जिससे मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा,यह अस्पताल जबलपुर को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई पहचान देगा। डिप्टी सीएम के बयान ने कांग्रेस, केजरीवाल और विपक्षी गठबंधन पर तीखे हमले के साथ भाजपा के विकास एजेंडे को मजबूती से सामने रखा। उनके जबलपुर दौरे में कैंसर अस्पताल की घोषणा क्षेत्र के विकास की ओर बड़ा कदम मानी जा रही है।