
नई दिल्ली,एजेंसी। उत्तर भारत इस समय भीषण ठंड की जकड़ में है। राजधानी दिल्ली में सोमवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज हुआ, जब औसत न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में शीतलहर के साथ घने से बहुत घने कोहरे का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहने की संभावना है, जिससे आम जनजीवन पर बड़ा असर पड़ सकता है।
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के मैदानी इलाकों में पाला पड़ने की घटनाएं सामने आईं। दिल्ली में तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा, जबकि आसपास के राज्यों में हालात और भी गंभीर बने रहे।
कहां-कहां गिरा पारा?
पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री
अमृतसर और फरीदकोट में 1 डिग्री
हरियाणा के गुरुग्राम में तापमान 0 डिग्री
सिरसा, सोनीपत, भिवानी, महेंद्रगढ़ में 1 डिग्री
IMD ने 12 और 13 जनवरी के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 17 जनवरी तक येलो अलर्ट लागू रहेगा।
कोहरे से हवाई–रेल–सड़क यातायात पर खतरा
IMD ने चेतावनी दी है कि पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में घना कोहरा बना रह सकता है। इससे उड़ानें, ट्रेनें और सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
ठंड का असर मध्य और पश्चिम भारत तक
तापमान में गिरावट का असर सिर्फ उत्तर भारत तक सीमित नहीं रहेगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, गुजरात और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी तापमान गिरने की संभावना है।
दक्षिण भारत में बारिश के आसार
जहां उत्तर भारत ठिठुर रहा है, वहीं दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज अलग है। महाराष्ट्र के कई जिलों और कर्नाटक के तटीय हिस्सों में बारिश के आसार हैं। केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और पुडुचेरी में भी हल्की बारिश संभव है।
दिल्ली ज्यादा ठंडी, शिमला ज्यादा गर्म!
हैरानी की बात यह है कि मैदानी दिल्ली का तापमान पहाड़ी शहर शिमला से भी नीचे चला गया है।
शिमला: अधिकतम 16°C, न्यूनतम 9°C
दिल्ली: न्यूनतम 3–4.2°C, अधिकतम 18–20°C
अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है, हालांकि उसके बाद 2–4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। 15 जनवरी तक तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। सुबह घना कोहरा और रात में धुंध बनी रह सकती है।







