दतिया: ‘लव हमसे ब्याह किसी और से’, मंडप से दूल्हे को उठा ले गई प्रेमिका
चचेरे भाई की दुल्हन से हुई शादी


10 साल का प्यार, घरवालों का दबाव: दतिया की रहने वाली एक युवती और झांसी के डेली गांव के सनी पिछले 10 सालों से प्रेम संबंध में थे. हालांकि, दो महीने पहले सनी के परिवार ने उसकी शादी झांसी के ही ढीमरपुरा गांव में तय कर दी. परिवार के दबाव में सनी भी इस शादी के लिए राजी हो गया.
मंडप में हंगामा, प्रेमी को ले गई प्रेमिका: शादी के दिन जब विवाह की रस्में चल रही थीं, तभी सनी की प्रेमिका शादी वाले घर पहुंच गई और जमकर हंगामा किया. उसने सनी से कहा कि अगर वह उससे प्यार करता है तो किसी और से शादी कैसे कर सकता है. प्रेमिका ने सनी को शादी तोड़ने और उसके साथ चलने के लिए कहा, जिससे घर में और भी विवाद बढ़ गया. आखिरकार, प्रेमिका सनी को लेकर स्थानीय पुलिस थाने पहुंच गई.
पुलिस थाने में पंचायत, प्यार की हुई जीत: दूल्हे को मंडप से ले जाते देख उसके परिजन भी पुलिस स्टेशन पहुंच गए. थाने में ही पंचायत बैठी, जिसमें दोनों पक्षों के परिजन और रिश्तेदार शामिल हुए. जब सनी से पूछा गया तो उसने स्वीकार किया कि वह घरवालों के दबाव में शादी कर रहा था, जबकि वह कई सालों से अपनी प्रेमिका से प्यार करता है. युवती ने भी सनी से शादी न होने पर जान देने की धमकी दी. अंततः, पंचायत में सभी प्रेमी जोड़े के विवाह के लिए राजी हो गए.
दतिया में हुई शादी, चचेरे भाई ने की दुल्हन से शादी: इस हंगामे के बाद युवक और युवती के परिजन उन्हें लेकर दतिया चले गए, जहां एक मंदिर में दोनों का विवाह करा दिया गया. वहीं, जिस लड़की से सनी की शादी तय हुई थी, उसके घर सनी के परिजनों ने सनी के चचेरे भाई लकी की बारात पहुंचाई. दुल्हन भी इस शादी के लिए राजी हो गई और रीति-रिवाजों के साथ लकी और उस युवती का भी विवाह संपन्न हो गया.![]()
पुलिस का बयान: रक्सा (झांसी) के थाना प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि पंचायत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था और प्रेमी युगल अपने परिजनों के साथ दतिया चले गए, जहां उनकी शादी करा दी गई.







