होली के हुड़दंग में साइबर ठग भी सक्रिय, भोपाल पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

होली के हुड़दंग में साइबर ठग भी सक्रिय, भोपाल पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
आपत्तिजनक पोस्ट पर होगी जेल
भोपाल,यशभारत। होली के त्यौहार पर जहां एक ओर खुशियों का माहौल है, वहीं दूसरी ओर साइबर अपराधी भी सक्रिय हो गए हैं। त्यौहार की आड़ में होने वाली धोखाधड़ी और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को रोकने के लिए साइबर क्राइम पुलिस कमिश्नरेट भोपाल ने एक विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डिजिटल दुनिया में आपकी एक छोटी सी लापरवाही न केवल आपकी जेब खाली कर सकती है, बल्कि आपको सलाखों के पीछे भी पहुंचा सकती है।
सोशल मीडिया पर संभलकर शेयर करें कंटेंट
पुलिस ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि होली से जुड़े किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक, एडिटेड फोटो, वीडियो या भ्रामक पोस्ट को शेयर करना अपराध की श्रेणी में आता है। यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करता है या उसे फॉरवर्ड करता है, तो उसके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अगर आपको कोई आपत्तिजनक पोस्ट दिखे, तो तुरंत साइबर पुलिस या नजदीकी थाने को सूचित करें।
फ्री गिफ्ट और होली ऑफर के झांसे में न आएं
साइबर सेल के मुताबिक, ठग अक्सर त्यौहारों पर लुभावने ऑफर्स का सहारा लेते हैं। सोशल मीडिया, ईमेल या मैसेज पर मिलने वाले होली ऑफर या गिफ्ट लिंक पर क्लिक न करें। अज्ञात वेबसाइटों से किसी भी प्रकार की फाइल या ऐप डाउनलोड करने से बचें।
डिजिटल पेमेंट करते समय बरतें ये सावधानियां
होली की खरीदारी या चंदा देने के नाम पर होने वाले फ्रॉड से बचने के लिए पुलिस ने निर्देश दिए हैं:
यूपीआई, क्यूआर कोड या पेमेंट लिंक का उपयोग केवल तभी करें जब आप सामने वाले व्यक्ति या संस्था को जानते हों।
किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, पीन या पासवर्ड साझा न करें।







