भोपाल उत्सव मेला में बढ़ी भीड़ सर्दियों में गर्म कपड़ों की बढ़ रही खरीददारी

भोपाल उत्सव मेला में बढ़ी भीड़ सर्दियों में गर्म कपड़ों की बढ़ रही खरीददारी
यशभारत भोपाल। भोपाल उत्सव मेला में टीटी नगर दशहरा मैदान न्यू मार्केट में भीड़ उमड़ रही है। बच्चे, बुजुर्ग, नौजवान, महिलाएं शृंगार व घरेलू सामान की खरीदारी में जुटी रहीं। गर्म कपड़ों की दुकानों पर लोगों ने शॉल, कंबल, चादर आदि खरीदे। मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए व्यापारी भी खुश दिखे। अधिकांश लोग 500 रुपए की खरीददारी कर दुकानदास से साप्ताहिक इनामी ड्रॉ के कूपन लेना नहीं भूल रहे थे। मेला समिति के महामंत्री सुनील जैनाविन ने बताया कि मौसम में ठंडक बढऩे के साथ ही मेले के बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। खासकर गर्म कपड़ों के बाजारों में इन दिनों जबरदस्त बिक्री हो रही है। मेले में आए लोग ऊनी कपड़ा बाजार में कोट, जर्सी, स्वेटर, जैकेट, जरकीन, मफलर, रजाइयां और कंबल खरीद रहे हैं। इसके साथ ही,रोजमर्रा पहनने वाले पैंट, शर्ट और जींस जैसे अन्य कपड़े भी सस्ती दरों पर उपलब्ध हैं। समिति के अशोक गुप्ता ने बताया कि
सर्दी की शुरुआत होने के साथ ही ऊनी कपड़ा बाजार में अच्छी ग्राहकी शुरू हो गई है। लोग सर्दी से बचाव के लिए ऊनी वस्त्र खरीद रहे हैं। मेले के ऊनी कपड़ा बाजार में रेडीमेड वस्त्र सिलाई से भी कम दर पर उपलब्ध हैं, जिससे इन दुकानों पर ग्राहकों की खासी भीड़ उमड़ रही है। मेले के बाजार में कई दुकानों पर सस्ती दरों पर पैंट-शर्ट उपलब्ध हैं। दुकानदार हर माल एक दाम की आवाज लगाकर ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। यहां कई प्रकार के कपड़े भी उपलब्ध हैं, जो गुणवत्ता में काफी मजबूत हैं। लोगों की पसंद को ध्यान में रखते हुए मेले में सामान बुलवाया गया है। अयोजन समिति के अध्यक्ष का कहना है कि सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए हैं।







