पत्नी और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर क्रेन ऑपरेटर ने दी जान

पत्नी और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर क्रेन ऑपरेटर ने दी जान
सुसाइड से पहले भेजा मैसेज- पत्नी की वजह से दे रहा हूं जान , 4 ऑडियो क्लिप में मिली सरेराह कटवाने की धमकी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर में एक 27 वर्षीय युवक ने गृहक्लेश और ससुराल पक्ष की मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान केशव धानक के रूप में हुई है, जो पेशे से क्रेन ऑपरेटर था। सुसाइड से पहले केशव ने अपनी पत्नी और भाई को मैसेज भेजकर अपनी मौत के लिए पत्नी को जिम्मेदार ठहराया है।
मैसेज में बयां किया दर्द
बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात केशव ने अपने घर के कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों को सुबह करीब 5:45 बजे उसका शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, केशव ने मरने से ठीक पहले मोबाइल पर एक संदेश छोड़ा, जिसमें लिखा था- मैं अपनी घरवाली कृष्णा की वजह से अपनी जान दे रहा हूं, इसकी जिम्मेदार वही है।
परिजनों का आरोप: प्रेम प्रसंग और धमकियों ने ली जान
मृतक के चाचा विनोद ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि केशव की शादी 4 साल पहले कृष्णा से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद भी पत्नी का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम प्रसंग था, जिसे केशव ने रंगे हाथों पकड़ा भी था। इसके बाद से ही घर में विवाद बढ़ गया था। पत्नी अक्सर मायके चली जाती और वहां से उसकी मां और बड़ी बहन केशव को फोन कर गालियां देती थीं।
ऑडियो क्लिप में खुली पोल
परिजनों ने पुलिस को चार ऑडियो क्लिप सौंपी हैं। परिजनों का दावा है कि इन रिकॉर्डिंग्स में पत्नी की बड़ी बहन केशव को सरेराह कटवा कर फेंकने और फर्जी महिला अपराध के मामले में जेल भिजवाने की धमकी दे रही है। परिजनों का कहना है कि इन्हीं धमकियों और रोज-रोज की बदसलूकी से परेशान होकर केशव ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
वही ईंटखेड़ी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा सौंपे गए ऑडियो क्लिप और सुसाइड मैसेज को जांच में शामिल किया गया है। साक्ष्यों की पुष्टि होने और जांच में आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया जा सकता है।







