भोपाल में कल कांग्रेस की किसान महाचौपाल,खरगे और राहुल गांधी भरेंगे हुंकार

भोपाल में कल कांग्रेस की किसान महाचौपाल,खरगे और राहुल गांधी भरेंगे हुंकार
ट्रेड डील के खिलाफ आर-पार की जंग
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 24 फरवरी को किसानों के मुद्दों और इंडो-यूएस ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। किसान महाचौपाल के नाम से होने वाले इस आयोजन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
दोपहर 2 बजे जवाहर चौक पर जुटेगा जनसैलाब प्रशासन ने कांग्रेस को लाल परेड ग्राउंड की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद अब यह कार्यक्रम जवाहर चौक पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। कांग्रेस का दावा है कि इस महाचौपाल में प्रदेश भर से 50 हजार से अधिक किसान और कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम स्थल पर दो विशाल डोम बनाए गए हैं।
दिग्गजों का जमावड़ा: मंच पर बैठेंगे 250 नेता पूर्व विधायक संजय यादव ने बताया कि महाचौपाल के लिए एक भव्य मंच तैयार किया गया है, जिस पर खरगे और राहुल गांधी के साथ जयराम रमेश, पवन खेड़ा, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित करीब 250 वरिष्ठ नेता बैठेंगे। इसमें प्रदेश के सभी कांग्रेस विधायक और 71 जिला अध्यक्ष भी शामिल रहेंगे।







