नरोत्तम मिश्रा पर कांग्रेस नेता के गंभीर आरोप, सीबीआई जांच की मांग

नरोत्तम मिश्रा पर कांग्रेस नेता के गंभीर आरोप, सीबीआई जांच की मांग
भोपाल यश भारत। कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए और पूरे मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से जांच कराने की मांग की है। भारती ने बताया कि वर्ष 2008 में डबरा विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने के बाद मिश्रा दतिया से चुनाव लड़ने पहुंचे थे। इस दौरान कथित रूप से आचार संहिता के उल्लंघन के चलते उनके खिलाफ पांच प्रकरण दर्ज हुए। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2009 में उन्होंने निर्वाचन आयोग में पेड न्यूज को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद नामांकन शपथ पत्र के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू हुई। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद उनके परिवार और सहयोगियों के खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना से कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि व्यवसाय बंद करवाए गए और झूठे मामले दर्ज कराए गए। भारती के अनुसार वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव से पहले भोपाल के चार इमली क्षेत्र में उनकी मिश्रा से मुलाकात हुई, जहां शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया और करोड़ों रुपये का प्रलोभन देने के साथ ही झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी गई। उन्होंने भूमि विकास बैंक से जुड़े एक एफडी प्रकरण में भी तथ्यों को तोड़-मरोड़कर कार्रवाई कराने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इस मामले में सहकारिता अधिनियम, दंड प्रक्रिया संहिता और भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया। भारती ने बताया कि इस मामले में वर्ष 2024 में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी जहां से पुन जांच के आदेश मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि गवाहों पर दबाव बनाया गया और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग के उस बयान का भी खंडन किया जिसमें करोड़ों रुपये के घोटाले की बात कही गई थी। भारती ने कहा कि किसी भी आधिकारिक दस्तावेज में ऐसे घोटाले का उल्लेख नहीं है और उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है। उन्होंने सारंग से सार्वजनिक माफी की मांग की अन्यथा मानहानि का मुकदमा दायर करने की चेतावनी दी। अंत में राजेंद्र भारती ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग दोहराई, ताकि सच्चाई सामने आ सके।







