भोपाल

भोपाल में ठंड का सितम बढ़ा, रात का पारा 7.2 डिग्री पर पहुंचा 

भोपाल में ठंड का सितम बढ़ा, रात का पारा 7.2 डिग्री पर पहुंचा
– अगले दो दिन शीतलहर का अलर्ट, शहर में सुबह ओस और धुंध का असर तेज
यशभारत भोपाल। राजधानी भोपाल में सर्द हवाओं ने ठंड को अपने चरम पर पहुँचा दिया है। सोमवार-मंगलवार की रात अचानक बढ़ी ठिठुरन के कारण शहर का पारा तेजी से नीचे गिरकर 7.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। राजधानी में लगातार दूसरे दिन सुबह धुंध और ओस की परत दिखाई दी, जिससे सडक़ों पर वाहनों की गति भी धीमी पड़ी। मौसम विभाग ने भोपाल सहित आसपास के जिलों—इंदौर, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर के लिए अगले दो दिनों तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
रात में चली तेज़ ठंडी हवा, सुबह की ओस ने बढ़ाई ठिठुरन
भोपाल की सुबह मंगलवार को ओस और हल्की धुंध के साथ शुरू हुई। कई इलाकों—अवधपुरी, कोलार, भेल, होशंगाबाद रोड और छोला—में लोगों ने फसलों, पेड़ों और वाहनों पर जमी ओस की परत देखी। रात के समय चली उत्तरी हवा ने तापमान को और नीचे धकेल दिया, जिसके असर से सुबह-सुबह कड़ाके की ठंड महसूस हुई।
प्रदेश की तुलना में भोपाल रहा सबसे ठंडे शहरों में शामिल
राजधानी के अलावा प्रदेश के कई शहरों में भी पारा तेजी से गिरा है—इंदौर 6.1 डिग्री, उज्जैन 9.5 डिग्री, जबलपुर 8.5 डिग्री और ग्वालियर 9 डिग्री पर रहा। इसी तरह, राजगढ़ में तापमान 5.6 डिग्री, नौगांव 6 डिग्री और उमरिया 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के रिकॉर्ड में मंगलवार को सबसे ठंडा स्थान शहडोल के कल्याणपुर रहा, जहाँ पारा 4.7 डिग्री तक पहुंच गया।
जेट स्ट्रीम बना ठंड बढऩे की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत की तरफ से चल रही जेट स्ट्रीम ठंड बढ़ाने में प्रमुख भूमिका निभा रही है। यह वायुधारा 222 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चल रही है, जिसके कारण ठंडी हवाएँ मध्य प्रदेश की ओर तेजी से पहुंच रही हैं और रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है।
अगले दो दिनों में राहत की संभावना नहीं
शीतलहर की चेतावनी को देखते हुए भोपाल वासियों को सुबह-शाम विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाने पर जोर देते हुए गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की हिदायत दी है। नगर निगम की ओर से भी शहर में रात्रिकालीन बस अड्डों और प्रमुख चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button