शौचालय साफ कर 7 महीने में लखपति बनी अनामिका, PM मोदी ने की मुलाकात
छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश

छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश: शौचालय की सफाई जैसे आम काम को लगन और मेहनत से कर के छिंदवाड़ा की अनामिका बेलवंशी ने एक असाधारण उपलब्धि हासिल की है। ‘वॉश ऑन व्हील्स’ योजना के तहत काम करते हुए अनामिका ने महज 7 महीने में 2 लाख 10 हजार रुपये कमाए और लखपति बन गईं। उनकी इस सफलता की कहानी जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंची, तो वह खुद उनसे मिलने पहुंचे और उनके प्रयासों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने की अनामिका से चर्चा
भोपाल के जंबूरी मैदान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने छिंदवाड़ा के ‘वॉश ऑन व्हील्स’ नवाचार की जमकर तारीफ की। इसी दौरान प्रधानमंत्री ने अनामिका बेलवंशी से सीधी बात की। उन्होंने अनामिका से पूछा कि वह कब से स्वच्छता साथी बनी हैं और इस मिशन में शामिल होकर उन्हें कैसा लग रहा है। अनामिका ने भी बेझिझक होकर प्रधानमंत्री के सामने अपने दिल की बात रखी।
‘वॉश ऑन व्हील्स’ ने बदली अनामिका की किस्मत
आदिवासी विकासखंड हर्रई के धनोरा की रहने वाली अनामिका बेलवंशी पिछले 7 महीने से ‘वॉश ऑन व्हील्स’ योजना से जुड़ी हैं। इस योजना के तहत वह ग्रामीण इलाकों में जाकर सार्वजनिक और सरकारी संस्थाओं के शौचालयों की सफाई करती हैं, जिसके लिए उन्हें मानदेय मिलता है। अनामिका ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में उनके लिए कोई रोजगार का साधन नहीं था और परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट था। स्वच्छ भारत मिशन के तहत छिंदवाड़ा जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए ‘वॉश ऑन व्हील्स’ से जुड़कर उनकी जिंदगी बदल गई। उन्होंने बताया कि इस काम से उन्होंने 7 महीने में 2 लाख 10 हजार रुपये की कमाई की है।
क्या है ‘वॉश ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम?
छिंदवाड़ा जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल और सरकारी दफ्तरों के शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए ‘वॉश ऑन व्हील्स’ नवाचार शुरू किया है। इस पहल के तहत ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगार लोगों को स्वच्छता साथी के रूप में जोड़ा गया है, जो स्वच्छ भारत मिशन में सहयोग भी करते हैं और अपनी आमदनी भी करते हैं। इसके लिए एक बारकोड भी जेनरेट किया गया है, जिस पर जानकारी भरने के बाद सीधे स्वच्छता साथी को मैसेज मिलता है और वह अपनी बाइक और मशीन के साथ लोकेशन पर पहुंच जाता है। इस सेवा के लिए स्वच्छता साथी को 250 रुपये से लेकर 500 रुपये तक का भुगतान किया जाता है।
योजना का व्यापक प्रभाव
‘वॉश ऑन व्हील्स’ नवाचार की शुरुआत 26 सितंबर 2024 को जिले की ग्राम पंचायत छिंदी से राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने की थी। तब से अब तक इस योजना के अंतर्गत कुल 27,228 शौचालयों की सफाई की जा चुकी है, जिसमें 19,331 व्यक्तिगत शौचालय शामिल हैं। इस सेवा से जुड़े स्वच्छता साथियों की कुल आय 25 लाख 60 हजार रुपये से अधिक हो गई है, और एक स्वच्छता साथी की मासिक आय 25,000 रुपये तक पहुंच चुकी है।
इस सफल नवाचार को अब प्रदेश के सभी जिलों में लागू करने के लिए एक समन्वित प्रदेश स्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसकी अध्यक्षता जिला पंचायत छिंदवाड़ा के सीईओ अग्रिम कुमार करेंगे। यह समिति ‘वॉश ऑन व्हील्स’ की कार्यप्रणाली और इससे जुड़ी ऑनलाइन एप्लिकेशन की कार्यक्षमता का विश्लेषण करेगी, ताकि इसे पूरे प्रदेश में सफलतापूर्वक लागू किया जा सके।







