जस्टिस तन्खा मेमोरियल रोटरी इंस्टीट्यूट फॉर स्पेशल चिल्ड्रन के बच्चों ने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन से बढ़ाया मान
मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया

जबलपुर, यशभारत। शहर के जस्टिस तन्खा मेमोरियल रोटरी इंस्टीट्यूट फॉर स्पेशल चिल्ड्रन के दिव्यांग विद्यार्थियों ने सत्र 2025-26 की पांचवीं बोर्ड परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर संस्थान और शहर का गौरव बढ़ाया है। एचआई ग्रुप में छात्रा आस्था सिंह ने 81.2 प्रतिशत और नाजरीन ने 74 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं एमआर ग्रुप में राजकुमार मरावी ने 81.84 प्रतिशत और मोहम्मद शहनवाज ने 69.5 प्रतिशत अंक अर्जित कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर संस्थान में मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इन बच्चों ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
संस्थान में विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न व्यावसायिक एवं जीवनोपयोगी कौशल सिखाए जाते हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। यह संस्थान जबलपुर सहित प्रदेश के अन्य शहरों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। बच्चों की इस उपलब्धि पर रोटरी क्लब एवं शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







