कड़ी सुरक्षा के बीच सीबीएसई बोर्ड एग्जाम शुरू, 17 केंद्रों पर दिखा छात्रों का उत्साह
सख्त सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्थाएं

जबलपुर, यशभारत। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं और 12वीं की वार्षिक बोर्ड परीक्षाओं का आगाज़ मंगलवार, 17 फरवरी से हो गया। शहर में बनाए गए 17 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही विद्यार्थियों और अभिभावकों की हलचल देखी गई। 10वीं की परीक्षा में 8 हज़ार और 12वीं की परीक्षा में 6 हज़ार विदयार्थी शामिल हुए।
पहले दिन कक्षा 10वीं के छात्रों ने गणित विषय का प्रश्नपत्र हल किया, जबकि कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने बायोटेक्नोलॉजी विषय की परीक्षा दी। सभी परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जा रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10वीं की परीक्षाएं 11 मार्च 2026 तक तथा 12वीं की परीक्षाएं 10 अप्रैल 2026 तक चलेंगी।
इस वर्ष जबलपुर जिले से लगभग 17 हजार विद्यार्थियों ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीयन कराया है। पहले दिन परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल दिखाई दिया। कई छात्रों ने परीक्षा के बाद गणित का पेपर संतुलित और सिलेबस आधारित बताया।

सख्त सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्थाएं
परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। नकल और अवांछित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उड़न दस्ते तैनात किए गए हैं, जो लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व विद्यार्थियों की सघन जांच की गई और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया गया। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
माशिमं 10वीं अंग्रेजी परीक्षा भी शांतिपूर्ण संपन्न
इसी क्रम में माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्य प्रदेश (माशिमं) की 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के अंतर्गत मंगलवार को अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र जिले के 100 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। कड़ी निगरानी और सुदृढ़ व्यवस्थाओं के कारण नकल के प्रकरण नगण्य रहे। उल्लेखनीय है कि पूर्व वर्षों में अंग्रेजी विषय में नकल के अधिक मामले सामने आते थे, किंतु अब प्रशासनिक सख्ती और सतर्कता के चलते स्थिति में स्पष्ट सुधार देखा जा रहा है। सोमवार को 12वीं कक्षा के संस्कृत विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें पंजीकृत 511 विद्यार्थियों में से 506 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।से 506 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा सभी केंद्रों पर व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।







