भोपालमध्य प्रदेश

सीआरपीएफ इंस्पेक्टर को सीबीआई ने किया गिरफ्तार, नौकरी लगवाने के नाम पर कर रहा था वसूली

सीआरपीएफ इंस्पेक्टर को सीबीआई ने किया गिरफ्तार, नौकरी लगवाने के नाम पर कर रहा था वसूली
भोपाल,यशभारत। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में नौकरी दिलाने और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन कराने के नाम पर मोटी रकम वसूलने के आरोप में सीबीआई ने बंगरसिया स्थित सीआरपीएफ कैंप के एक इंस्पेक्टर, अच्युतानंद आजाद को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई की एंटी-करप्शन ब्रांच (एसीबी), भोपाल ने आरोपी इंस्पेक्टर अच्युतानंद आजाद को 17 नवंबर की रात 8.55 बजे हिरासत में लिया। 18 नवंबर को उसे सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश, भोपाल की अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे 20 नवंबर तक दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
 .
सीबीआई  भोपाल ने 2 सितंबर 2025 को इंस्पेक्टर अच्युतानंद आजाद के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी (आपराधिक षड्यंत्र), धारा 420 (धोखाधड़ी), और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत नियमित मामला दर्ज किया था।
आरोपों के अनुसार, इंस्पेक्टर आजाद ने वर्ष 2023 से 2025 की अवधि के दौरान अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर एक आपराधिक षड्यंत्र रचा। उसने सीआरपीएफ और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में विभिन्न पदों पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर संभावित उम्मीदवारों और उनके रिश्तेदारों से अवैध धन की उगाही की।
पत्नी के खाते और फर्म में जमा कराई गई राशि
सीबीआई की जांच में यह खुलासा हुआ है कि वसूली गई अवैध धनराशि बिचौलियों के माध्यम से इंस्पेक्टर अच्युतानंद आजाद ने न केवल अपने निजी बैंक खाते में, बल्कि अपनी पत्नी के बैंक खातों और अपनी साझेदारी फर्म ‘परी तितली इंटरप्राइजेज’ के खाते में भी जमा कराई थी।
जांच एजेंसी ने यह भी बताया है कि आरोपी गवाहों को धमकाकर जांच प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। इस गंभीर मामले को लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और उनके अभिभावकों के बीच हड़कंप मच गया है। सीबीआई मामले की आगे की जांच कर रही है और इस षड्यंत्र में शामिल अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button