पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाया जा रहा अभियान – नुक्कड़ नाटक व अन्य गतिविधियों के माध्यम से किया जा रहा लोगें को जागरूक

पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाया जा रहा अभियान
– नुक्कड़ नाटक व अन्य गतिविधियों के माध्यम से किया जा रहा लोगें को जागरूक
भेापाल यशभारत। पर्यावरण संरक्षण के लिए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल द्वारा लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे कालोनियों से लेकर स्टेशन तक वृक्षारोपण से लेकर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जा रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण जागरूकता एवं संरक्षण के लिए सप्ताह भर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य रेल परिसर एवं कॉलोनियों में स्वच्छता, हरियाली और सतत विकास को प्रोत्साहित करना रहा। पर्यावरण संरक्षण को लेकर सबसे पहले भोपाल, इटारसी, बीना और गुना स्थित रेलवे कॉलोनियों में डोर टू डोर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को गीला-सूखा कचरा पृथक रखने, प्लास्टिक के उपयोग से बचाव, और सामूहिक स्वच्छता बनाए रखने संबंधी जानकारी दी गई। सामुदायिक सहभागिता से सफाई अभियान का आयोजन रेलवे कॉलोनियों में किया गया, जिसमें स्थानीय रहवासियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। भोपाल मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने हेतु विविध गतिविधियाँ संचालित की गईं। प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त यात्रा और अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी देने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इसके अतिरिक्त, वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी नीतियों की जानकारी दी गई और मंडल के टिकट बुकिंग कार्यालयों में प्लास्टिक रहित कार्य संस्कृति को बढ़ावा दिया गया। यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के माध्यम से कागज की बचत करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
विद्युत लोको शेड, इटारसी मे पर्यावरण जागरूकता सप्ताह के तहत कई महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित की गईं। शेड के सेंट्रलाइज्ड स्टोर अनुभाग एवं समयपाल कार्यालय में अधीनस्थ कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी नीतियों और व्यवहारों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, पंडित हरिशंकर परसाई पुस्तकालय के वाचनालय में निबंध प्रतियोगिता और पर्यावरण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें रेलकर्मी और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बीटीसी इटारसी में कर्मचारियों को वेस्ट मैनेजमेंट और बायो टॉयलेट की कार्यप्रणाली तथा उसके लाभों के बारे में बताया गया। स्वच्छता के इन आधुनिक उपायों को समझाकर उन्हें दैनिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी गई।
विद्युत (सामान्य) विभाग द्वारा मंडल के विभिन्न डिपो में रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं वाटर रीसाइक्लिंग निशिएटिव्स पर केंद्रित अभियान चलाया गया। इस दौरान कर्मचारियों, यात्रियों एवं कॉलोनीवासियों को जल संरक्षण की आवश्यकता और तकनीकों के बारे में जागरूक किया गया। आरपीएफ भोपाल द्वारा मंडल के विभिन्न रेलवे परिसरों एवं खाली पड़ी रेलवे भूमि पर 315 पौधों का वृक्षारोपण कर हरियाली को बढ़ावा दिया गया। वृक्षारोपण के साथ ही रेल सुरक्षा बल ने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।







