सोम कंपनी के गुंडों की दबंगई, शराब दुकान पर युवक को सरेआम डंडों से पीटा

सोम कंपनी के गुंडों की दबंगई, शराब दुकान पर युवक को सरेआम डंडों से पीटा
भोपाल, यश भारत। राजधानी में रायसेन रोड स्थित एक शराब दुकान पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब सोम कंपनी से जुड़े कुछ गुंडों ने एक युवक को सरेआम लाठी-डंडों से पीट दिया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग डर के मारे तमाशबीन बने रहे और कोई भी युवक को बचाने आगे नहीं आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रायसेन रोडकी शराब दुकान पर युवक का सोम कंपनी के कर्मचारियों या कथित गुंडों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। मामला इतना बढ़ गया कि सोम कंपनी से जुड़े लोगों ने उस युवक पर डंडों से हमला कर दिया। हमला इतनी बर्बरता से किया गया कि युवक जमीन पर गिर गया और बुरी तरह घायल हो गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कोई भी राहगीर या दुकानदार उसे बचाने आगे नहीं आया।
सीसीटीवी और वीडियो फुटेज वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तीन से चार लोग युवक पर बर्बर तरीके से लाठी-डंडों से हमला कर रहे हैं, और युवक अपनी जान बचाने की कोशिश करता रहा। जानकारी के मुताबिक, घटना पर पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकान पर अकसर झगड़े और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। लेकिन पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती। इससे शराब माफिया के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।







