बरगी में हुईं अंधी हत्या का हुआ खुलासा,4 आरोपी गिरफ्तार
प्रेम प्रसंग के चलते की गई थी वारदात

जबलपुर यशभारत। थाना बरगी क्षेत्र में हुई जघन्य अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। प्रेम प्रसंग के चलते युवक की बेरहमी से हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार व अन्य साक्ष्य जप्त किए हैं।
दरअसल 20 अगस्त को ग्राम बींझा मोड़ के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। मृतक की शिनाख्त सतेंद्र उइके (उम्र 19 वर्ष), निवासी कुडो बुधवारा, घंसौर जिला सिवनी, के रूप में हुई। जांच में पता चला कि 15 अगस्त को सतेंद्र अपने दोस्तों ददुआ और सचिन यादव के साथ घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
प्रेम प्रसंग बना हत्या का कारण
मुख्य आरोपी सचिन यादव से पूछताछ में खुलासा हुआ कि सतेंद्र का गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। युवती के भाई आशीष उर्फ बिहारी ने अपने साथियों ददुआ, शिवदीन और हेमराज के साथ मिलकर सतेंद्र की हत्या की योजना बनाई। 15 अगस्त को सतेंद्र को जंगल में बुलाया गया, जहां पहले उसका गला घोंटा गया, फिर धारदार कड़े से गला रेतकर और बड़े पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को कलकुही घाटी में छुपा दिया गया।
4 आरोपी गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चेन्नई से नागपुर लौट रहे आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सचिन यादव (18) निवासी कुडो बुधवारा थाना पंसौर जिला सिवनी, ददुआ उर्फ बृजलाल (20) निवासी कुडो बुधवारा पंसौर सिवनी, आशीष उर्फ बिहारी (19) निवासी कुडो बुधवारा घंसौर सिवनी, शिवदीन उड़के (23) निवासी ग्राम ईश्वरपुर थाना घंसौर सिवनी शामिल हैं।






