भोपालमध्य प्रदेश

अंधे कत्ल का खुलासा; प्रेमिका ने दूसरे प्रेमी के साथ मिलकर की थी हत्या

अंधे कत्ल का खुलासा; प्रेमिका ने दूसरे प्रेमी के साथ मिलकर की थी हत्या

​भोपाल, यशभारत। राजधानी के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में पिछले दिनों झाड़ियों में मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह मामला अंधे कत्ल का था, जिसमें प्रेम त्रिकोण और प्रताड़ना की खूनी कहानी सामने आई है। पुलिस ने मामले में मृतक की प्रेमिका और उसके दूसरे प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

​साकेत नगर की झाड़ियों में मिला था शव
​मामले का खुलासा करते हुए एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया कि गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के साकेत नगर स्थित झाड़ियों में एक युवक का शव लावारिस हालत में मिला था। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो मृतक की शिनाख्त ताराचंद पटेल के रूप में हुई। शुरुआती जांच में ही मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से कड़ियां जोड़ना शुरू किया।

पुलिस पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई कि मृतक ताराचंद पटेल शराब पीने का आदि था। वह अक्सर नशे की हालत में अपनी प्रेमिका के साथ मारपीट और उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने उसे रास्ते से हटाने का मन बना लिया था।

​मामले में एक दिलचस्प और घातक मोड़ तब आया जब पता चला कि महिला के दो प्रेमी थे। एक तरफ ताराचंद था, तो दूसरी तरफ कृष्णपाल सिंह। महिला ने ताराचंद की मारपीट से बचने और कृष्णपाल के साथ रहने के लिए साजिश रची। उसने कृष्णपाल सिंह के साथ मिलकर ताराचंद की हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों में फेंक दिया। गोविंदपुरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

इनका कहना है..
साकेत नगर में मिले शव की पहचान ताराचंद पटेल के रूप में हुई है। जांच में पाया गया कि मृतक अपनी प्रेमिका से मारपीट करता था। इसी से तंग आकर महिला ने अपने दूसरे प्रेमी कृष्णपाल सिंह के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गौतम सोलंकी, एडिशनल डीसीपी, भोपाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button