
महाराष्ट्र में जन्म प्रमाणपत्र घोटाला उजागर,आबादी 962 और प्रमाणपत्र 3,447
मुंबई, यश भारत महाराष्ट्र में जन्म प्रमाणपत्र घोटाले का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। छत्रपति संभाजीनगर जिले के मोहलाई गांव में गांव की कुल आबादी महज 962 होने के बावजूद 3,447 जन्म प्रमाणपत्र जारी किए जाने का खुलासा हुआ है। इस मामले को लेकर भाजपा नेता किरीट सोमैया ने गंभीर आरोप लगाए हैं और जांच की मांग की है।
किरीट सोमैया ने बताया कि मोहलाई से पहले भी यवतमाल जिले के शेंदूरसनी और भवानी, जलगांव जिले के रताले तथा नांदेड जिले के सावलेश्वर गांवों में इसी तरह के जन्म प्रमाणपत्र घोटाले सामने आ चुके हैं। इन पांचों गांवों की कुल आबादी करीब 7,600 है, जबकि यहां से अब तक 59,223 जन्म प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं, जो अपने आप में बड़ा सवाल खड़ा करता है।
सोमैया ने कहा कि यह महाराष्ट्र का पांचवां बड़ा जन्म प्रमाणपत्र घोटाला है और इसके पीछे संगठित रैकेट होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने घोषणा की कि वे सोमवार, 9 फरवरी को स्वयं मोहलाई गांव का दौरा करेंगे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी लेंगे।







